युवक को दबंगों ने पीटा, 7000 रुपए छीने:पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद, न्याय के लिए SP कार्यालय पहुंचा परिवार

📅 Published: November 27, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र के सिजहरी गांव में दिल्ली से मजदूरी कर लौटे एक युवक को दबंगों ने बेरहमी से पीटा। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी जेब से 7,000 रुपए भी छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। एसपी कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, पीड़ित की पहचान सिजहरी निवासी खलक सिंह पुत्र मातादीन के रूप में हुई है। खलक सिंह दिल्ली में मजदूरी करता है। घटना उस समय हुई जब वह गांव वापस आ रहा था। गांव पहुंचते ही शराब के नशे में धुत संजीत पुत्र सुरेंद्र ने उसे बुलाया। खलक सिंह के मुताबिक, इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, संजीत ने उसे मारना शुरू कर दिया। इस दौरान पास में मौजूद आकाश पुत्र प्रकाश निवासी सिजहरी और एक कैंटीन संचालक भी वहां पहुंच गए। तीनों ने मिलकर खलक सिंह को एक दुकान के अंदर बंद कर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। पीड़ित ने बताया कि लगातार मारपीट के कारण उसके कानों से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने उसकी जेब से 7,000 रुपए भी निकाल लिए। साथ ही, उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी से शिकायत की तो अगली बार उसे जान से मार दिया जाएगा। खलक सिंह का कहना है कि उसे बिना किसी वजह के बुलाया गया और पीटा गया। खलक सिंह ने घटना की रिपोर्ट श्रीनगर थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली हैं और पुलिस पर दबाव बनाए हुए हैं। कार्रवाई न होने और दोबारा हमले की आशंका को देखते हुए खलक सिंह अपनी पत्नी व परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में श्रीनगर थाना प्रभारी का कहना है कि मारपीट की शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *