नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बलरामपुर से है। यहां यात्रियों से भरी बस में ट्रक से टक्कर के बाद आग लगने से 3 यात्री जिंदा जल गए। दूसरी खबर कोडिनयुक्त कफ सिरप मामले में फरार STF सिपाही की गिरफ्तारी से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- बलरामपुर में ट्रक की टक्कर के बाद हाईटेंशन खंभे से टकराई बस, 3 यात्री जिंदा जले
बलरामपुर में बस में आग लगने से 3 यात्री जिंदा जल गए। 24 झुलस गए। इनमें 6 गंभीर है। 45 यात्री सवार थे। आग से शव बुरी तरह जल गए। पहचान पाना मुश्किल है। बस, नेपाल बॉर्डर के सोनौली से दिल्ली जा रही थी। पहले ट्रक से टक्कर हुई। फिर बस घिसटती हुई 100 मीटर दूर हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकरा गई। खंभा टूटकर बस पर गिरा तो करंट दौड़ गया। आग लग गई। पूरी खबर पढ़ें 2- लखनऊ में STF का बर्खास्त सिपाही अरेस्ट, धनंजय सिंह का करीबी यूपी STF के फरार सिपाही आलोक सिंह को लखनऊ में मंगलवार को अरेस्ट किया गया। एक दिन पहले लुकआउट नोटिस जारी हुआ था। वह कोडीनयुक्त नशीले कफ सिरप मामले में फरार था। लखनऊ कोर्ट में अर्जी देकर वह सरेंडर करने जा रहा था। इससे पहले ही STF ने दबोच लिया। पूर्वांचल के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह के साथ उसकी कई तस्वीरें हैं। सिरप कांड में यह तीसरी गिरफ्तारी है। पूरी खबर पढ़ें 3- बरेली में पुलिस से भिड़ीं महिलाएं, सपा नेताओं की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर बरेली में सपा नेता सरफराज और राशिद खान के मैरिज लॉन पर बुलडोजर चला। दो बुलडोजर लेकर अधिकारी, फोर्स के साथ पहुंचे तो महिलाएं भिड़ गईं। पुलिस के साथ झड़प हुई। 5 थानों की फोर्स पुलिस बुलाई गई। तब बुलडोजर चलना शुरू हो सका। सरफराज और राशिद खान बरेली बवाल के आरोपी तौकीर रजा के करीबी हैं। तौकीर के करीबियों की अबतक 250 करोड़ से अधिक की प्रॉपर्टी ध्वस्त की जा चुकी है। पूरी खबर पढ़ें 4- हाथरस में BLO की मौत, DM से पत्नी बोलीं- अफसरों के फोन से बहुत टेंशन में थे हाथरस में SIR ड्यूटी में लगे एक और टीचर BLO की मौत हो गई। मंगलवार सुबह BLO कमलकांत शर्मा को हार्टअटैक आ गया। अलीगढ़ ले जाते समय उनकी मौत हो गई। डीएम अतुल वत्स उनके घर पहुंचे। घर में फर्श पर ही बैठ गए। परिवार को ढांढस बंधाया। पत्नी नीलम शर्मा ने बताया- अफसरों के बहुत फोन आते थे। काम का बहुत दबाव था। यूपी में अब तक कुल 9 BLO की मौत हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ें 5- वाराणसी में BJP नेत्री के फ्लैट में सेक्स-रैकेट, 9 लड़कियां पकड़ी गईं वाराणसी में भाजपा नेता शालिनी यादव के फ्लैट से सेक्स रैकेट पकड़ा गया। सोमवार रात पुलिस ने 9 लड़कियों और 4 लड़कों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, यहां स्पा सेंटर के नाम पर जिस्मफरोशी हो रही थी। फ्लैट शालिनी के पति अरुण यादव के नाम पर है। इसे किराए पर दे रखा था। शालिनी, मेयर और लोकसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं। शालिनी ने कहा- ये मुझे बदनाम करने की साजिश है। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- शामली में बदमाश एनकाउंटर में ढेर, 7 घंटे पहले महिला की चेन लूटी थी शामली में महिला से चेन लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने 7 घंटे में एनकाउंटर में मार गिराया। एसपी नरेंद्र प्रताप ने बताया- मारा गया बदमाश मिथुन, बावरिया गैंग का सरगना था। रविवार शाम को उसने महिला की चेन लूटी थी। पुलिस ने घेरा तो उसने ऑटोमैटिक कार्बाइन और इटली मेड पिस्टल बरेटा से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मारा गया। एक सिपाही को भी गोली लगी है। पूरी खबर पढ़ें 7- सहारनपुर में शादी रुकवाने पहुंची लवर, बारातियों ने पीटा-कपड़े फाड़ दिए सहारनपुर में एक महिला अपने प्रेमी की शादी रुकवाने के लिए पहुंच गई। जमकर बवाल किया। आरोप है कि बारातियों के साथ युवक ने मिलकर उसके सरेआम मारापीटा। बारातियों ने उसके कपड़े फाड़कर अर्धनग्न कर दिया। महिला ने बताया कि उसके प्रेमी ने जिंदगी बर्बाद कर दी और शादी कर रहा। दोनों का मामला कोर्ट में चल रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पूरी खबर पढ़ें 8- भाजपा सांसद का तंज; SIR नहीं बिहार की हार का विलाप है, अब बंगाल की बारी भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर तंज कसा है। संसद में हो रहे हंगामा पर उन्होंने कहा- यह SIR का विरोध नहीं, बिहार में हार का विलाप दर्शन है। ये विपक्ष का विलाप है। बिहार जीतने के बाद अब पश्चिम बंगाल की बारी है। उधर, अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि एसआईआर की आड़ में भाजपा वोट चोरी करा रही है। सोची-समझी रणनीति के तहत वोट काटे जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 9- वाराणसी में CM योगी की ओर दौड़ा युवक, कमांडो ने झपट्टा मारकर घसीटा वाराणसी में तमिल संगमम-4 का शुभारंभ करने पहुंचे सीएम योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई। एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए योगी के मंच के पास पहुंच गया। कमांडोज ने झपट्टा मारकर युवक को पकड़ा। उसे खींचकर बाहर ले गए। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें 10- कानपुर में यूपी 112 के कॉन्स्टेबल ने फांसी लगाई, 6 दिन पहले पत्नी मायके गई थी कानपुर में यूपी-112 में तैनात कॉन्स्टेबल मान महेंद्र ने सुसाइड कर लिया। मंगलवार सुबह देर तक कमरा नहीं खुला। साथियों ने झांक कर देखा तो कॉन्स्टेबल का शव फंदे से लटकता मिला। कॉन्स्टेबल अपनी पत्नी के साथ रहता था। 26 नवंबर को पत्नी मायके गई थी। कॉन्स्टेबल अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ आवास में रहता था। आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पूरी खबर पढ़ें 11- योगी कैबिनेट में 20 प्रस्ताव पास, हर मंडल में बनेगा दिव्यांग पुनर्वास केंद्र
योगी कैबिनेट में दिव्यांगजन के लिए हर मंडल पर पुनर्वास केंद्र खोलने का प्रस्ताव पास किया गया। मंगलवार को कैबिनेट ने 20 प्रस्ताव पास किए। अयोध्या में वर्ल्ड लेवल का मंदिर म्यूजियम बनाने के अलावा बरेली में अमृत-2 योजना को भी मंजूरी दी गई। म्यूजियम के लिए टाटा संस को अब 52 एकड़ जमीन संग्रहालय के लिए दी जाएगी। इसके अलावा, बागपत में इंटरनेशनल योग सेंटर और आरोग्य केंद्र बनाया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें 12- लखनऊ से 10 हजार लोगों ने CJI को भेजी चिट्ठी, कहा- शेल्टर होम आदेश बदलें लखनऊ से 10 हजार लोगों ने CJI को लेटर भेजा है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने लावारिस डॉग्स को शेल्टर होम भेजने का आदेश दिया है। एनीमल लवर्स इसका विरोध कर रहे हैं। लोगों ने कहा- 7 नवंबर को जो फैसला आया हम लोग उसका पूरी तरह विरोध करते हैं। हम लोग डॉग्स को बचाने के लिए अलग-अलग तरह की लड़ाई लड़ रहे हैं। सड़कों पर उतरे और अब लेटर मुहिम चल रही है। पूरी खबर पढ़ें 13- एटा में IAS की तैयारी कर रहे छात्र समेत 3 की मौत, 30 मीटर में बिखरे शव एटा में बेकाबू ट्रक ने 4 लोगों को रौंद दिया। इसमें UPSC छात्र समेत 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई। तीनों के शव 30 मीटर तक बिखर गए। एक की हालत गंभीर है। ट्रक दोनों बाइक को 5 किलोमीटर तक घसीटता रहा। फिर ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। सभी घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टर ने 3 को मृत घोषित कर दिया। एक को रेफर कर दिया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- थार-फॉर्च्यूनर नहीं ई-रिक्शा पर निकाली बारात देवरिया में एक अनोखी बारात निकली। बारात किसी बड़ी कार, थार या फॉर्च्यूनर से नहीं बल्कि 30 ई-रिक्शा पर निकली। यहां दुर्गेश की शादी थी। पिता की मौत हो चुकी है। दोस्तों ने इस शादी का सारा खर्च उठाया। उसके दोस्तों ने शादी को खास बनाने के लिए ई-रिक्शा पर बारात निकालने का फैसला लिया। 30 ई-रिक्शा को सजवाया और फिर बारात निकली। पूरी खबर पढ़ें कल कैसा रहेगा मौसम 15- ठंड और गलन बढ़ेगी यूपी में फिर ठंड बढ़ने लगी है। पछुआ हवाओं के दो दिनों से चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में राजधानी सहित पूर्वांचल के जिलों गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी के अलावा गाजियाबाद, मेरठ में भी गलन बढ़ेगी। कोहरा और धुंध की भी आशंका है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:योगी की सुरक्षा में चूक; 3 यात्री जिंदा जले, BJP नेत्री के फ्लैट में सेक्स रैकेट; दूल्हे की प्रेमिका को पीटा
📅 Published: December 2, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
