उत्तर प्रदेश पुलिस की आपात सेवा यूपी-112 ने 24 नवंबर 2025 को औरैया जनपद में “जन-जागरूकता की बात, जन-जन के साथ” अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 के निर्देशों के अनुपालन में तथा पुलिस अधीक्षक औरैया एवं अपर पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी यूपी-112 के पर्यवेक्षण में यह अभियान जनता की सुरक्षा, त्वरित सहायता और संकट में तत्काल मदद सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षा सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। अभियान की शुरुआत थाना अजीतमल के मुरादगंज चौराहा से हुई। यहां नुक्कड़ नाटक और संवाद के माध्यम से लोगों को आपात स्थिति में तुरंत 112 पर कॉल करने की जानकारी दी गई। स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। टीम ने राहगीरों और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उन्हें बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल करना पहला और सबसे सुरक्षित कदम है। अभियान का दूसरा चरण जनता इंटर कॉलेज, अजीतमल में आयोजित किया गया। यहां टीम ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं, यात्रियों और राहगीरों को सुरक्षा सेवाओं की प्रक्रियाओं से परिचित कराया। एक एलईडी वैन ने नाइट एस्कॉर्ट, ट्रैकिंग सिस्टम और यूपी-112 की स्मार्ट सेवाओं का प्रदर्शन किया। इसे देखकर जनता ने गहरी रुचि दिखाई और कई लोगों ने मौके पर ही संबंधित ऐप डाउनलोड किए। अभियान का अंतिम पड़ाव थाना फफूंद के अछल्दा चौराहा रहा। यहां टीम ने आमजन को सड़क हादसों, छेड़छाड़ और झगड़े जैसी आपात स्थितियों में तुरंत 112 पर कॉल करने की सलाह दी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सुरक्षा से जुड़े संदेशों को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और इन सेवाओं को अपने दैनिक जीवन में उपयोग करने का भरोसा जताया।
यूपी-112 ने औरैया में जगाई सुरक्षा चेतना:तीन प्रमुख स्थानों पर चला 'जन-जागरूकता' अभियान
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
