'राजा जनक एक झलक' ग्रंथ का हुआ लोकार्पण:कुबेरपुर फार्महाउस में जनकपुरी महोत्सव की स्मृतियों पर आधारित पुस्तक का हुआ विमोचन

📅 Published: November 30, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

आगरा में सेवा भाव को बढ़ावा देने और सनातन धर्म के संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से “राजा जनक : एक झलक” ग्रंथ का लोकार्पण रविवार को कुबेरपुर स्थित फार्म हाउस में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आगरा आरोग्यम क्लब और जनक परिवार ने संयुक्त रूप से किया, जिसमें शहर के कई गणमान्य लोग शामिल हुए। स्वागत उद्बोधन में राजा जनक राजेश अग्रवाल ने कहा कि ग्रंथ का मकसद उन आध्यात्मिक शिक्षाओं को समाज तक पहुँचाना है। जो उन्होंने संत-महात्माओं के सान्निध्य से अपने जीवन में पाईं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में सभी को सहयोग करना चाहिए। ग्रंथ संपादक कवि कुमार ललित ने कहा कि यदि इस पुस्तक को पढ़कर कुछ लोग भी जरूरतमंदों की मदद, बुजुर्गों का सम्मान या गौसेवा जैसे कार्य करने लगें, तो प्रकाशन सफल माना जाएगा। जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष न्यायाधीश सर्वेश कुमार ने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में आज अच्छे कार्यकर्ताओं की कमी दिखती है। ऐसे में राजेश अग्रवाल जैसे लोग एक प्रेरक उदाहरण हैं। राकेश मंगल ने भी उन्हें सरल, आदर्शवादी और स्वच्छ व्यवसायी बताया। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष कमला नगर में राजा जनक की भूमिका निभाकर राजेश अग्रवाल ने सभी आगरावासियों को गर्व महसूस कराया। पूर्व राजा दशरथ संतोष शर्मा ने उनके जीवन को प्रेरणादायक बताया। हनुमान मंदिर लँगड़े की चौकी के महंत गोपी गुरु ने कहा कि जनकपुरी में राजेश अग्रवाल ने तन-मन-धन से जो सेवा की, उससे ऐसा लगा जैसे त्रेता युग फिर से धरती पर उतर आया हो। पूर्व सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता और योगाचार्य श्रीमती सत्यवती गुप्ता ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया। लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल सहित अनेक उद्योगपति, व्यापारी व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उनके सेवा कार्यों की सराहना की। रानी सुनयना श्रीमती अंजू अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने पति के सेवा भाव का फल मिला है। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमती संगीता अग्रवाल की सरस्वती वंदना से हुई। संचालन श्रीमती श्रुति सिन्हा ने किया और अतिथियों का स्वागत अनुराज, पलक, पर्व और मलाइका अग्रवाल ने किया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *