रामपुर प्रशासन ने शीतलहर के लिए एडवाइजरी जारी की:नागरिकों को सुरक्षा के लिए 'क्या करें, क्या न करें' के टिप्स दिए

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

रामपुर प्रशासन ने जनपद में शीतलहर से बचाव के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा ने बताया कि शीतलहर के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नागरिकों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के मद्देनजर सतर्क रहने और निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। किसी भी आपदा या सहायता की स्थिति में नियंत्रण कक्ष/हेल्पलाइन पर तत्काल संपर्क करने को कहा गया है। जारी एडवाइजरी में ‘क्या करें’ के तहत बताया गया है कि ठंड अधिक होने पर घर से बाहर निकलते समय ऊनी कपड़ों से शरीर को अच्छी तरह ढकें। सिर, कान, गला, हाथ और पैरों को गर्म कपड़ों से सुरक्षित रखें। कमरे को गर्म रखने के लिए हीटर या अंगीठी का उपयोग करते समय उचित वेंटिलेशन सुनिश्चित करें। गर्म पेय पदार्थों और पौष्टिक भोजन का सेवन करें। सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार या सांस लेने में कठिनाई होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। निराश्रित और असहाय व्यक्तियों को रैन बसेरों या आश्रय स्थलों तक पहुंचाने में मदद करें। ‘क्या न करें’ के संबंध में निर्देश दिए गए हैं कि अत्यधिक ठंड में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। बंद कमरे में अंगीठी या कोयले की भट्टी का उपयोग बिना वेंटिलेशन के न करें। शराब या नशीले पदार्थों का सेवन न करें, क्योंकि इससे शरीर में गर्मी का भ्रम उत्पन्न होता है और जोखिम बढ़ता है। रात में खुले स्थानों पर सोने से बचें। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर हीटिंग व्यवस्था और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकाय और विकास प्राधिकरणों को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बॉनफायर या अग्निकुंड की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही, रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। पुलिस, राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग को रात्रि गश्त बढ़ाने तथा निराश्रित व्यक्तियों को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर राहत सामग्री और कंबल वितरण की त्वरित व्यवस्था भी की जाएगी। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया है कि अत्यधिक ठंड की स्थिति में विद्यालयों की समय-सारणी में परिवर्तन के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *