रोहतक के खेल अधिकारी सस्पेंड:बास्केटबॉल पोल गिरने से नेशनल प्लेयर की हुई थी मौत, खेलमंत्री ने मीटिंग बुलाई

📅 Published: November 26, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हरियाणा के रोहतक में बास्केटबॉल कोर्ट गिरने से हुई नेशनल खिलाड़ी की मौत के बाद जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही लाखनमाजरा खेल नर्सरी को भी सस्पेंड करते हुए जांच और खेल उपकरणों में सुधार के लिए एक कमेटी भी बनाई गई है। बास्केटबॉल कोच और राजीव गांधी स्टेडियम के इंचार्ज को कमेटी में शामिल किया गया है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने भी 28 नवंबर को पचंकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एक हाई लेवल मीटिंग बुला ली है। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों समेत सभी जिला खेल अधिकारियों को भी बुलाया गया है। लाखनमाजरा में बास्केटबॉल कोर्ट पर लंबे समय से एक खेल नर्सरी चल रही है। यह स्टेडियम ग्राम पंचायत के अधीन है। स्टेडियम का रखरखाव 4 साल से अटका हुआ था। एक हफ्ते पहले ही काम का टेंडर लगा था। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. 25 नवंबर को प्रैक्टिस करने गया था
मृतक की पहचान लाखनमाजरा के रहने वाले हार्दिक (16) के रूप में हुई है। हार्दिक 10वीं कक्षा का छात्र था। छोटा भाई 7वीं में पढ़ता है। पिता संदीप फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) में नौकरी करते हैं। 25 नवंबर की सुबह हार्दिक प्रैक्टिस करने के लिए लाखनमाजरा गांव में बनी बास्केटबॉल नर्सरी में गया हुआ था। 750 किलो का था पोल, छाती पर गिरा
यहां वह एक्सरसाइज करते हुए दौड़ता हुआ पोल पर लटक गया। तभी पोल उसकी छाती पर आकर गिरा और वह दब गया। बताया गया है कि यह पोल 750 किलो का है। घटना के बाद पास में ही मौजूद दूसरे खिलाड़ी मौके पर पहुंचे और हार्दिक के ऊपर से पोल हटाया। खिलाड़ी हार्दिक को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कई नेशनल इवेंट में मेडल जीत चुका
हार्दिक ने कांगड़ा में हुई 47वीं सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता था। इसके अलावा, उन्होंने हैदराबाद में हुई 49वीं सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज और पुडुचेरी में हुई 39वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। इस घटना के बाद हरियाणा ओलिंपिक संघ ने फैसला किया है कि राज्य में अगले तीन दिनों तक कोई भी खेल उत्सव या कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। 4 साल पहले स्टेडियम की मेंटेनेंस के लिए 11 लाख मिले
4 साल पहले तत्कालीन राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने लाखनमाजरा पंचायत को 11 लाख रुपए दिए थे। इसके बावजूद पंचायती राज विभाग के अफसर स्टेडियम में मेंटेनेंस नहीं करवा पाए। यह काम अब भी टेंडर प्रक्रिया में उलझा है। घटना के बाद कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह ने कहा था कि विभाग ने जिले के 14 स्टेडियम की मेंटेनेंस के लिए 2.1 करोड़ का बजट पीडब्ल्यूडी को सौंपा हुआ है। अभी तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। सुरजेवाला बोले- हार्दिक की सिस्टम ने हत्या की
हार्दिक की मौत के बाद कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने X पर पोस्ट कर लिखा- हरियाणा के लाखनमाजरा में नेशनल बास्केटबॉल प्लेयर हार्दिक की मौत एक हादसा नहीं, भाजपा सरकार के सिस्टम द्वारा की गई एक हत्या है। हार्दिक हरियाणा की युवा प्रतिभा भी था, एक बेटा भी और एक होनहार नौजवान भी। क्या भाजपा सरकार माँ बाप को उनका बेटा वापस दे पाएगी? सैलजा बोलीं- जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए
सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने बयान जारी कर कहा- खेल परिसर में अभ्यास के दौरान बास्केटबॉल का भारी पोल गिरने से राष्ट्रीय स्तर के उभरते खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत अत्यंत हृदय विदारक घटना है। हार्दिक जैसे प्रतिभाशाली युवा की असमय मृत्यु पूरे प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। यदि मेंटेनेंस या निगरानी में कहीं भी लापरवाही हुई है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *