लखीमपुर खीरी में नियमित और छूटे हुए बच्चों तथा गर्भवती माताओं के पूर्ण टीकाकरण के लिए “टीकोत्सव” विशेष अभियान शुरू किया गया है। सदर विधायक योगेश वर्मा ने जिला महिला चिकित्सालय में फीता काटकर और नवजात शिशुओं को पोलियो ड्रॉप पिलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, प्रभारी सीएमएस सुषमा सिंह और डीआईओ डॉ. रवि सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। दिसंबर माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत 1 लाख 42 हजार से अधिक बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सदर विधायक योगेश वर्मा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि छूटे हुए सभी बच्चों और गर्भवती माताओं का टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि डबल इंजन की सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है, जिसका प्रमाण शहरों में मेडिकल कॉलेज और गांवों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर हैं। इससे लोगों को गांवों में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
अस्पताल में ठंड से बचाव के लिए प्रभारी सीएमएस द्वारा कंबल और गद्दों की मांग की गई थी। इस पर विधायक ने तत्काल 50 कंबलों की व्यवस्था कराई और संबंधित अधिकारियों को 50 गद्दों की व्यवस्था शीघ्र कराने के निर्देश दिए। इस पहल से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को राहत मिलेगी।
लखीमपुर में 1.42 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य:विधायक ने टीकोत्सव अभियान शुरू किया, अस्पताल को दिए कंबल-गद्दे
📅 Published: December 3, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
