ललितपुर राजघाट मार्ग पर गुरुवार शाम स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक बुजुर्ग व्यापारी की मौत हो गई। हादसे में मृतक के भाई समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतक की पहचान कोतवाली सदर अंतर्गत मोहल्ला खिरकापुरा निवासी 65 वर्षीय रामस्वरूप साहू पुत्र डमरूलाल के रूप में हुई है। उनके साथ स्कूटी पर सवार उनके छोटे भाई 60 वर्षीय राजू साहू भी घायल हुए हैं। टक्कर मारने वाली बाइक पर सवार दो युवक भी इस दुर्घटना में चोटिल हुए हैं। परिजनों के अनुसार, रामस्वरूप साहू अपने छोटे भाई राजू साहू के साथ अपने पैतृक गांव जिला अशोकनगर के ग्राम बारीटोडा गए थे। वे गुरुवार शाम स्कूटी से ललितपुर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।यह दुर्घटना ललितपुर राजघाट मार्ग पर स्थित ग्राम गनगौरा के निकट हुई। ललितपुर से गनगौरा की ओर जा रही बाइक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना के बाद उनके पिता आधे घंटे से अधिक समय तक मौके पर तड़पते रहे। उनका कहना है कि टक्कर मारने वाले युवकों के परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जबकि रामस्वरूप साहू को जानकारी मिलने के आधे घंटे बाद परिजन घटनास्थल पहुंचे और एम्बुलेंस से उन्हें अस्पताल लाए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रामस्वरूप साहू को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रामस्वरूप साहू तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे और उनके तीन पुत्र व एक पुत्री है। वे आजादचौक पर गल्ले की दुकान चलाते थे।
ललितपुर में स्कूटी-बाइक की टक्कर, बुजुर्ग की मौत:आधे घंटे तक सड़क पर तड़पने के बाद तोड़ा दम, भाई समेत तीन घायल
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
