वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के तेंदुइ ओझावा गांव में बुधवार देर शाम एक महिला को झांसा देकर सोने के आभूषण लूट लिए गए। तीन अज्ञात बदमाश किन्नर के वेश में आए थे और आशीर्वाद देने के बहाने वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद के बेटे प्रदीप की पत्नी पूजा ने हाल ही में एक बेटी को जन्म दिया था। बुधवार को एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग किन्नर बनकर राजेंद्र प्रसाद के घर पहुंचे। उन्होंने पूजा की सास भागीरथी देवी को बातों में उलझा लिया और बताया कि वे उनकी नतिनी को आशीर्वाद देने आए हैं। भागीरथी देवी ने उन्हें बताया कि अभी उनके पास पैसे नहीं हैं और उन्हें अगले दिन आने को कहा। इस पर बदमाशों ने उनसे कान की सोने की बाली (झाली) मांगी और कहा कि वे बच्ची की “झाड़-फूंक” कर देंगे। बदमाशों के झांसे में आकर भागीरथी देवी ने अपनी कान की बाली उन्हें दे दी। बाली लेते ही तीनों बदमाश भागीरथी देवी को बातों में उलझाकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित महिला ने तत्काल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। भागीरथी देवी की तहरीर पर जंसा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है।
वाराणसी में किन्नर बनकर आए ठगों ने जेवरात लूटे:बेटी को आशीर्वाद देने के बहाने वारदात को दिया अंजाम, केस दर्ज
📅 Published: November 27, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
