प्रयागराज के न्यू कैण्ट तोपखाना क्षेत्र में फर्जी विजिलेंस टीम बनकर मीटर चेकिंग और अवैध वसूली करने वाले गैंग पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घर–घर जाकर मीटर में खराबी और बिजली चोरी का डर दिखाकर मोटी रकम वसूलने वाले इस गिरोह का खुलासा तब हुआ जब इसके दो सदस्य रंगे हाथ पकड़े गए। पीड़ित की तहरीर पर कैण्ट थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। 22 नवंबर को की थी पहली वसूली की कोशिश शिकायतकर्ता अनिल कुमार सोनकर (निवासी 120 आरए बाजार, न्यू कैण्ट) ने बताया कि 22 नवंबर को चार–पांच लोग विजिलेंस टीम का भेष धारण कर उनके घर पहुंचे। उन्होंने मीटर में खराबी और फर्जी डिवाइस लगने का आरोप लगाते हुए बिजली चोरी का मामला दर्ज कराने की धमकी दी। उसी बहाने 30 हजार रुपये की मांग की गई और क्यूआर कोड के जरिये भुगतान करने को कहा गया। इनमें से दो ने अपने आपको जेई और एसडीओ बताकर धौंस जमाई। 23 नवंबर को दोबारा पहुंचे, मीटर खोलते ही भंडाफोड़ अगले दिन 23 नवंबर को राजीव मौर्या (बेनीगंज) और अजय कुशवाहा (प्रीतम नगर) दोबारा आए और मीटर ठीक करने का बहाना बनाकर उसे खोल दिया। शक होने पर मोहल्ले वालों ने घेरकर पूछताछ की, तब दोनों ने स्वीकार किया कि वे विद्युत विभाग से नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वे कई लोगों के साथ मिलकर विजिलेंस टीम का भेष बनाकर ठगी करते हैं। गिरोह के छह अन्य सदस्यों के नाम उजागर 1. अरुण कुमार, निवासी अल्लापुर 2. टी.के. सिंह उर्फ तीरथ सिंह 3. वरुण दिवाकर उर्फ बेटू, निवासी भोला का पुरवा 4. बबलू सिंह उर्फ रघुनंदन 5. सलमान अंसारी, निवासी नैनी 6. इमरान अहमद, निवासी करैली राजीव मौर्या और अजय कुशवाहा मौके से भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। अन्य को पुलिस को सौंप दिया गया है। घटना का वीडियो शिकायतकर्ता और स्थानीय लोगों के पास मौजूद है। कैंट पुलिस ने किया मुकदमा, गैंग की तलाश अनिल कुमार सोनकर की तहरीर पर कैंट थाने में फर्जीवाड़ा, ठगी और सरकारी पद का दुरुपयोग प्रतीत कराने सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने गैंग के सभी सदस्यों के ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह गिरोह बिजली विभाग का नाम इस्तेमाल कर लंबे समय से लोगों को ठग रहा था। अब वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कराई जा रही है।
विजिलेंस बनकर मीटर चेकिंग के नाम पर ठगी:प्रयागराज में छह लोगों में से दो ने खुद को एसडीओ-जेई बताया, स्थानीय लोगों ने चार को पकड़ा
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
