आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश प्रवक्ता वंश राज दुबे ने एक वीडियो जारी किया है। यह वीडियो सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित विरसिंहपुर के सौ बिस्तरों वाले अस्पताल से संबंधित है। वीडियो में एक डॉक्टर को मरीज के अटेंडेंट को लाठी से मारते हुए देखा जा रहा है। हालांकि दैनिक भास्कर एप इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। दुबे ने बताया कि हाल ही में इस अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन हफ्ते में एक बार चलती थी, और मरीजों को दवाएं तथा जांचें बाहर से कराने के लिए कहा जाता था। इन अनियमितताओं के बाद अस्पताल के सीएमएस को निलंबित कर दिया गया था। जारी किए गए वीडियो में अस्पताल के इमरजेंसी द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक डॉक्टर को मरीज के अटेंडेंट को लाठी से मारते हुए रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो में दिख रहा अटेंडेंट गमछे में है, जबकि डॉक्टर पीली टी-शर्ट पहने हुए है। यह घटना लगभग तीन से चार महीने पुरानी बताई जा रही है। इस संबंध में विरसिंहपुर अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. गिरीश पांडेय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन शनिवार रात 8 बजे उन्होंने फोन नहीं उठाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. भरत भूषण ने बताया कि यह अस्पताल उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे अस्पताल के सीएमएस से बात कर रहे हैं और जांच कराकर उच्च अधिकारियों को सूचित करेंगे।
विरसिंह अस्पताल में डॉक्टर ने अटेंडेंट पर बरसाई लाठी, VIDEO:AAP प्रवक्ता ने वीडियो जारी किया; घटना 3-4 महीने पुरानी, प्रभारी सीएमएस ने नहीं उठाया फोन
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
