विश्व धरोहर सप्ताह प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह:संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विजेताओं को किया सम्मानित, संविधान दिवस की शपथ दिलाई

📅 Published: November 26, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

राज्य संग्रहालय, लखनऊ और उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित विश्व धरोहर सप्ताह के तहत शैक्षिक प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह आज राज्य संग्रहालय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर किया। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई कृतियों का अवलोकन किया और सभी उपस्थित लोगों को संविधान दिवस की सामूहिक शपथ दिलाई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय की निदेशक डॉ. सृष्टि धवन ने सप्ताह भर चले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा, विज्ञान और संस्कृति के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने वाले यूनेस्को की स्थापना 1945 में हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य वैश्विक विरासत, शांति और जैव विविधता की रक्षा करना है। विजेताओं को सम्मानित किया गया प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने पुरस्कार प्रदान किए। कैनवस पेंटिंग प्रतियोगिता में रिया जायसवाल ने प्रथम, सर्वजीत कुमार प्रजापति ने द्वितीय और निधि जायसवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर ग्रुप चित्रकला प्रतियोगिता में खुशी कुमारी प्रथम रहीं, जबकि शिवांगी कन्नौजिया और उर्वी बरनवाल ने क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। लोक कला संग्रहालय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अमन कुमार ने प्रथम, खगेश चन्द्र ने द्वितीय और द्रविन्द्र जैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भारत का संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ, जिससे यह विश्व की सबसे सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में से एक बन गया। उन्होंने जानकारी दी कि विश्व धरोहर सूची में कुल 1223 स्थल हैं, जिनमें से 44 भारत में स्थित हैं। उत्तर प्रदेश में ताजमहल, लाल किला और फतेहपुर सीकरी इस सूची में शामिल हैं। मंत्री ने लखनवी व्यंजनों को भी विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयासों का उल्लेख किया। कार्यक्रम के अंत में, डॉ. सृष्टि धवन ने मंत्री को नृत्यरत गणेश की प्रतिमा स्मृति चिन्हस्वरूप भेंट की। संग्रहालय निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया और कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी खेमका ने किया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *