शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक रविरतन की मौत हो गई। वह अपनी रिश्तेदारी की शादी से लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक अज्ञात गोवंश से टकराकर पेड़ से जा भिड़ी। रविरतन (पुत्र बेंचे सिंह, निवासी ग्राम गिरधरपुर) कांट थाना क्षेत्र के कुतुआपुर गांव में अपनी मामा की लड़की की शादी में शामिल होने गए थे। शादी समारोह 30 दिसंबर को संपन्न हुआ था। रात में वह अकेले बाइक से अपने घर गिरधरपुर लौट रहे थे। मदनापुर-बुधवाना रोड पर फाजिलपुर गांव के पास अचानक सड़क पर आए अज्ञात गोवंश से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। जिससे रविरतन की मौत हो गई। हादसे के बाद फाजिलपुर में कारखाना चलाने वाले एक व्यक्ति ने रविरतन को सड़क पर पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत रविरतन के पिता को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिवारजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक रविरतन खेती का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी ममता यादव, 4 साल का बेटा लविश, छोटा भाई सतीश और मां द्रोपदी हैं। हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
शादी से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत:शाहजहांपुर के फाजिलपुर गांव में गोवंश से टकराई बाइक, मौके पर ही तोड़ा दम
📅 Published: December 1, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
