शामली में युवक की इलाज के दौरान मौत:मेले में झूले से गिरने से हुआ था घायल, पुलिस मामले की जांच में जुटी

📅 Published: November 27, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

शामली के कैराना के झाडखेड़ी रोड स्थित कार्गो इवेंट्स मेले में झूले से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना छह दिन पहले हुई थी। युवक की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पिछले हफ्ते युवक अपने दोस्तों के साथ मेले में घूमने गया था। मेले में लगे एक नावनुमा झूले पर बैठने के दौरान अचानक उसका बोल्ट टूट गया, जिससे वह ऊंचाई से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद युवक को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया था। वहां छह दिनों तक चले इलाज के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक के भाई की शिकायत पर मेला ठेकेदार सहित चार लोगों के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है। परिजनों का आरोप है कि मेला ठेकेदार ने झूलों की अनुमति पिछली तारीख में ली थी और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में गहरा शोक है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में भी आक्रोश है। पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *