शाहजहांपुर में एसआईआर प्रक्रिया को पूरा करने के लिए रविवार को सभी सरकारी कार्यालय और विद्यालय खुले रहेंगे। हालांकि, विद्यालयों में बच्चों की छुट्टी रहेगी। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार की देर शाम अधिकारियों को 30 नवंबर की रात तक शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर के बिस्मिल सभागार में एक विशेष बैठक की। इसमें जिले के सभी अधिकारी और सुपरवाइजर मौजूद रहे। डीएम ने लगातार अधिकारियों से गणना प्रपत्र प्राप्त कर डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति रिपोर्ट मांगी। जिले में एसआईआर का कार्य 50 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। शुक्रवार की शाम जिलाधिकारी ने अपने आवास पर उन बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ एक कार्यक्रम किया, जिन्होंने एसआईआर का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया था। शुक्रवार देर रात हुई एक अन्य बैठक के दौरान, डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि 30 नवंबर रविवार को सभी प्राइमरी विद्यालय खुलेंगे, लेकिन बच्चों की छुट्टी रहेगी। डीएम ने 30 नवंबर तक कार्य पूरा करने वाले बीएलओ का हौसला बढ़ाने के लिए एक कार्यक्रम भी रखा है। उन्होंने घोषणा की कि 30 नवंबर की रात्रि तक शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले 20 बीएलओ को एक नवंबर को लॉटरी के माध्यम से एक मोबाइल फोन इनाम में दिया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार और नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
शाहजहांपुर में रविवार को सरकारी कार्यालय खुलेंगे:विद्यालय खुलेंगे लेकिन बच्चे नही आएंगे, SIR के लिए डीएम के निर्देश
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
