शाहजहांपुर में रोजा थाना क्षेत्र के रेलवे ग्राउंड पर शुक्रवार रात तीन लग्जरी कारों से जन्मदिन मना रहे 10 नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा। स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों कारों को जब्त कर सीज कर दिया। नाबालिग तेज आवाज में संगीत बजा रहे थे और केक काटने की तैयारी कर रहे थे। उनके शोरगुल से परेशान होकर स्थानीय निवासियों ने रोजा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर नाबालिगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। पुलिस ने कारों की तलाशी ली, हालांकि कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि वे दोस्त का जन्मदिन मनाने आए थे। पुलिस सभी नाबालिगों को थाने ले गई। पूछताछ के बाद उन्हें चेतावनी देकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मौके से मिली तीनों लग्जरी कारों को सीज कर दिया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने पुष्टि की कि स्थानीय लोगों की सूचना पर 10 नाबालिगों को जन्मदिन मनाते हुए पकड़ा गया था और मौके से तीन कारें जब्त की गई हैं। परिवार को बुलाकर चेतावनी देने के बाद नाबालिगों को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।
शाहजहांपुर में 10 नाबालिग पकड़े, 3 लग्जरी कारें सीज:रेलवे ग्राउंड में तेज गाने पर मना रहे थे जन्मदिन, चेतावनी देकर छोड़ा
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
