बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर ने रविवार को सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, शमीम सुल्तानी, शुभलेश यादव और हैदर अली सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दानिश अख्तर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “शिक्षक वर्ग से मेरा संबंध सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास का रिश्ता है। लंबे समय से जुड़े शिक्षक इस चुनाव में मुझे मजबूत समर्थन दे रहे हैं।” उन्होंने बताया कि चुनाव जीतने पर उनका पहला कदम पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल कराने के लिए संघर्ष तेज करना होगा। उन्होंने याद दिलाया कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि 2027 में सपा सरकार बनने पर पुरानी पेंशन लागू की जाएगी। साथ ही दानिश अख्तर ने एसआईआर (SIR) से जुड़े आदेशों और शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव डालने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान को नजरअंदाज कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी हमेशा उनके हितों की लड़ाई लड़ती रही है।” प्रत्याशी ने यह भी दावा किया कि इस चुनाव में उनका सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी से है और शिक्षक तथा कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि परिणाम भारी बहुमत से सपा के पक्ष में आएंगे।
शिक्षकों के भरोसे की लड़ाई है यह चुनाव:सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर ने पुरानी पेंशन बहाली को बताया प्राथमिकता
📅 Published: November 30, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
