संतकबीरनगर डीएम ने शिक्षण संस्थानों की ली बैठक:छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की संस्थानवार समीक्षा की गई

📅 Published: November 25, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संतकबीर नगर में डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में शिक्षण संस्थानों की बैठक आयोजित की गई। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्र-छात्राओं के डेटा को पोर्टल पर अग्रसारित या निरस्त करने की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान, संस्थानों द्वारा डेटा को अग्रसारित या निरस्त करने की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने सभी संस्थानों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर, 2025 तक पात्र छात्र-छात्राओं के डेटा को पोर्टल पर अग्रसारित करना सुनिश्चित करें। अपात्र छात्रों का डेटा निरस्त किया जाए और किसी भी प्रकार का डेटा संस्थान के पोर्टल पर लंबित नहीं रहना चाहिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी संस्थान की लापरवाही के कारण कोई पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित होता है, तो संबंधित संस्थान की जवाबदेही तय की जाएगी। नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन संस्थानों की प्रगति 30 नवंबर, 2025 तक 80 प्रतिशत से कम रहेगी, उनके प्राचार्यों के साथ 2 दिसंबर, 2025 को एक और बैठक बुलाई जाएगी। इस दौरान बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र सहित विभिन्न संस्थानों के प्रबंधक और प्राचार्यगण उपस्थित थे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *