संतकबीरनगर के खलीलाबाद शहर में सोमवार को संविधान दिवस के अवसर पर एक शोभायात्रा और जागरूकता मार्च का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में भारत का संविधान लेकर भाग लिया और सामाजिक एकता, समानता तथा न्याय का संदेश दिया। यह शोभायात्रा खलीलाबाद के डीघा बाईपास से शुरू होकर बरदहिया बाजार, पुरानी तहसील और चंद्रशेखर तिराहा होते हुए मेहदावल बाईपास स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने भगवान बुद्ध और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के जयकारे लगाए। उन्होंने नागरिक अधिकारों और संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला, साथ ही हाथों में संविधान की प्रतियां और तिरंगा लेकर देश की लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने पर जोर देते हुए उपस्थित लोगों को सामाजिक सौहार्द, समान अधिकार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प दिलाया। इस शोभायात्रा में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कौशल किशोर भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है और हर नागरिक का दायित्व है कि वह इसके सिद्धांतों का सम्मानपूर्वक पालन करे। बजरंग दल के जिला सहसंयोजक सौरभ जायसवाल भी अपने सहयोगियों के साथ इस पैदल मार्च में शामिल हुए और संविधान व सामाजिक समरसता की महत्ता पर जोर दिया। मार्च में सुरेंद्र राव, गोलू, मनीष राव, विवेक कुमार, राम अवध, उमेश कुमार, निखिल, शमशेर सांवरिया और अमित सहित बड़ी संख्या में युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे। इस सफल आयोजन से पूरे शहर में संविधान दिवस का संदेश प्रभावी ढंग से फैलाया गया।
संतकबीरनगर में संविधान दिवस पर शोभायात्रा:लोगों ने हाथ में संविधान लेकर किया पैदल मार्च
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
