संभल की जनैटा शरीफ उर्स को अनुमति नहीं मिली:धन उगाही के आरोप पर सुनवाई, मुस्लिम धर्मगुरुओं ने जताई आपत्ति

📅 Published: November 27, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संभल की प्रसिद्ध दरगाह जनैटा शरीफ का चार दिवसीय उर्स गुरुवार से शुरू नहीं हो सका। धन उगाही और अवैध गतिविधियों के आरोपों के बाद प्रशासन ने अभी तक इसकी अनुमति नहीं दी है। अनुमति न मिलने से मुस्लिम धर्मगुरुओं ने नाराजगी व्यक्त की है और आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति की जांच की मांग की है। यह मामला संभल जनपद की चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र के जनैटा गांव का है। दरगाह शरीफ पर मौजज्जम शाह की याद में मौअज्जमी उर्स का आयोजन होना था। उर्स कमेटी ने आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। शिकायतकर्ता जावेद अली ने आरोप लगाया था कि बिना अनुमति के कार्यक्रम आयोजित कर धन उगाही की जा रही है और अवैध कार्य किए जा रहे हैं। इसी शिकायत के आधार पर गुरुवार को उपजिला मजिस्ट्रेट न्यायालय चंदौसी में सुनवाई हुई। हालांकि, न्यायालय की ओर से अभी तक कोई अनुमति जारी नहीं की गई है। एसडीएम आशुतोष तिवारी ने उर्स कमेटी, मुस्लिम धर्मगुरुओं और शिकायतकर्ता के पक्षों को सुना है। संभल के मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना आलम रजा नूरी ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार थाना बनियाठेर के त्यौहार रजिस्टर और सीओ कार्यालय के दस्तावेजों में दर्ज है। उन्होंने इसे अमन-चैन और मुल्क की तरक्की के लिए दुआ का आयोजन बताते हुए कहा कि इस पर आपत्ति करना गलत है। उन्होंने आपत्ति करने वाले व्यक्ति की हैसियत की जांच की मांग की। अधिवक्ता नूर नवाज ने बताया कि उर्स की अनुमति के लिए काफी समय पहले आवेदन किया गया था और आज उसी पर सुनवाई हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई नया कार्यक्रम नहीं है, बल्कि वर्षों से आयोजित होता आ रहा है। वहीं, शिकायतकर्ता जावेद अली ने अपने आरोपों को दोहराया। उन्होंने कहा कि उन्हें बिना अनुमति के कार्यक्रम आयोजित कर धन उगाही और अवैध कार्य करने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने शिकायत की। जावेद ने यह भी दावा किया कि एनआईए सहित कई एजेंसियां इनकी जांच कर रही हैं और ये लोग एसडीएम को गुमराह कर अनुमति लेना चाहते हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *