संभल में बच्ची की मौत, मेडिकल स्टोर संचालक फरार:गलत इलाज का आरोप, अमरोहा की मासूम को कई दिन से था बुखार

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संभल में एक मेडिकल स्टोर संचालक के कथित गलत इलाज के बाद पांच साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को कई दिनों से बुखार था और परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल स्टोर पर लाए थे। बच्ची की मौत के बाद मेडिकल स्टोर संचालक मौके से फरार हो गया। उक्त घटना जनपद संभल के थाना कैलादेवी क्षेत्र के सौंधन मोहम्मदपुर गांव की है। मृतक बच्ची की पहचान अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के रानीवाला गांव निवासी कुंवर सिंह की छह वर्षीय पुत्री पिंकी के रूप में हुई है। मंगलवार दोपहर को परिजन उसे कई दिनों से आ रहे बुखार से राहत न मिलने पर इलाज के लिए सौंधन गांव लाए थे। गांव में एक मेडिकल स्टोर चलाने वाले व्यक्ति को बच्ची को दिखाया गया। उसने बच्ची का इलाज शुरू किया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। बच्ची की अचानक सांस रुक गई और उसका शरीर ठंडा पड़ गया। परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। परिजनों ने जब मेडिकल स्टोर संचालक को बच्ची की बिगड़ती हालत के बारे में बताया, तो वह इधर-उधर की बातें बनाकर और दवा लाने का बहाना कर मौके से फरार हो गया। बच्ची की मौत के बाद परिजन काफी देर तक उसके लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं आया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। हालांकि, परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया और बच्ची के शव को उसी बाइक से वापस घर ले गए, जिस पर वे उसे इलाज के लिए लाए थे। बच्ची के पिता कुंवर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी को कई दिनों से बुखार आ रहा था और दवाइयां चल रही थीं, लेकिन कोई राहत नहीं मिल रही थी। उन्होंने कहा कि गलत इलाज मिलने के कारण उनकी बेटी की जान चली गई।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *