संभल पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसने खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही बताकर एक युवती से शादी की और कई लोगों से ठगी की। उस पर एक ग्रामीण से 30 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप है, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह वही व्यक्ति है जिसे एक साल पहले भी फर्जी सिपाही बनकर दुकानदारों से मुफ्त सामान लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को उक्त मामला संभल जनपद के थाना असमोली क्षेत्र से सामने आया है। शहबाजपुर कलां निवासी एक ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर दी है। उसने बताया कि डेढ़ महीने पहले उसने अपनी बेटी की शादी थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के नेहरौला निवासी सलमान उर्फ मुबारक से की थी। शादी के समय सलमान ने खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही बताया था। शादी के बाद बेटी ने बताया कि उसका पति ड्यूटी पर नहीं जाता और पूछने पर छुट्टी पर होने की बात कहता है। पिता ने जब जांच की तो पता चला कि सलमान पुलिस में नहीं है, बल्कि नकली सिपाही बनकर घूमता है। वह अपनी गाड़ी में लाल-नीली बत्ती लगाकर सायरन भी बजाता था। जानकारी होने पर जब उन्होंने सलमान के परिवार वालों से बात की तो उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी मिली। सलमान उर्फ मुबारक के खिलाफ शाहबाजपुर कलां के भोलू पुत्र पीर बख्श ने भी मुकदमा दर्ज कराया है। भोलू ने बताया कि 26 नवंबर को सलमान उनके घर आया और खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही बताकर 30 हजार रुपये की मांग की। पैसे देने से मना करने पर उसने झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। एक अन्य ग्रामीण ने भी सलमान उर्फ मुबारक के खिलाफ सिपाही बताकर पैसा वसूली की शिकायत पुलिस को दी है। भोलू ने बताया कि सलमान पुलिस की टोपी लगाकर आया था, इसलिए उन्हें वह पुलिस वाला लगा। काम के नाम पर 30 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। उन्हें नहीं पता था कि वह कौन है। सीओ असमोली कुलदीप कुमार ने बताया कि एक मुकदमा दर्ज हुआ है बाकी कोई मामला सामने आएगा तो उसमें भी कार्रवाई की जाएगी। सलमान उर्फ मुबारक के खिलाफ 1 साल पहले संभल कोतवाली में भी फर्जी सिपाही बनकर दुकानदारों से फ्री सामान लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था, उसे जेल भेजा गया था। ऐसे कृतों में यह शामिल है इसकी छानबीन की जा रही है और कहां-कहां इसके खिलाफ ऐसे मामले दर्ज किए गए हैं।
संभल में सिपाही बनकर युवती से की शादी:ग्रामीण से 30 हजार की रंगदारी मांगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
