सलेमपुर सांसद ने स्वास्थ्य-बिजली व्यवस्था पर अधिकारियों को घेरा:देवरिया में 'दिशा' बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा हुई

📅 Published: November 26, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

देवरिया में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने बैठक की अध्यक्षता की, जबकि सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर सह-अध्यक्ष रहे। इस दौरान जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं, उनकी प्रगति और समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक शाम तीन बजे तक चली। सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने अधिकारियों को विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। त्रिपाठी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि परियोजनाओं की गति और प्रभाव बढ़ सके। वहीं, सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत आपूर्ति और जनसुविधाओं की खराब स्थिति को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई योजनाएँ अधिकारियों की लापरवाही के कारण अधर में लटकी हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने अधूरे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, विद्युत व्यवस्था, जल जीवन मिशन, पेंशन योजना, शौचालय निर्माण और विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को हिदायत दी गई कि वे लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं और उनकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि दिशा बैठक का मुख्य उद्देश्य योजनाओं में तेजी लाना और जनप्रतिनिधियों के सुझावों के अनुरूप कार्य करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें और अगली बैठक में किसी भी प्रकार की प्रगति-हीनता नहीं दिखनी चाहिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद्र तिवारी, विधायक दीपक मिश्रा, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव, पुलिस अधीक्षक संजय सुमन, सीडीओ प्रत्यूष पांडेय सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *