सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव बडुली में दलित युवकों पर जातिसूचक गालियां देते हुए फावड़े से जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने अब तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। शनिवार को पीड़ितों ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। गांव बडुली निवासी अमर सिंह ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पुत्र आशु कुमार और अमित कुमार 27 नवंबर 2025 को दोपहर करीब तीन बजे नहर के रास्ते मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में खेतों की सिंचाई के लिए बिछाए गए पाइप से मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे दोनों युवक गिर गए। फावड़े से मारने का प्रयास आरोप है कि मौके पर मौजूद ठाकुर बिरादरी के कुछ लोगों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। युवकों द्वारा माफी मांगने के बावजूद आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने आशु कुमार के सिर पर धारदार फावड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसी दौरान अमित कुमार को भी फावड़े से मारने का प्रयास किया गया, जिससे उसकी हथेली कट गई। शोर सुनकर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाया। आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण घायलों को लेकर बड़गांव थाना पहुंचे, जहां से उन्हें सरकारी अस्पताल नानौता भेजा गया। डॉक्टरों ने आशु कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जिसके बाद उसे सहारनपुर के एसबीडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित अमर सिंह का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट होने के बावजूद थाना पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। उन्होंने एसएसपी से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। इस घटना को लेकर दलित समाज में रोष व्याप्त है।
सहारनपुर में दलित युवकों पर फावड़े से हमला:पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप, पीड़ितों ने SSP से की कार्रवाई की मांग
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
