सहारनपुर में कंपनी में निवेश के नाम पर एक युवक से 2.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जय एग्रो बायो साइंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी और निदेशक पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दोनों के मोबाइल और ऑफिस भी मिला है। पीड़ित ने मानवाधिकार में शिकायत की। जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। मामला थाना गंगोह क्षेत्र का है। थाना गंगोह क्षेत्र के ग्राम सालारपुरा निवासी अनुज कुमार ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका संपर्क 7 सितंबर 2024 को शामली के रहने वाले विकास कुमार से हुआ था। विकास ने खुद को जय एग्रो बायो साइंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि कंपनी केंचुआ खाद बनाती है तथा भविष्य में किसानों के लिए यह खाद अनिवार्य रूप से उपयोग में आएगी। उसने निवेश करने की सलाह दी। पीड़ित का संपर्क कंपनी के CMD सुशील कुमार से कराया गया। आरोप है कि सुशील कुमार ने तरह-तरह के सपने दिखाते हुए कहा कि निवेश करने पर हर तीन माह में 75 हजार रुपए की किश्त मिलेगी और ये भुगतान 25 माह तक लगातार होगा। पीड़ित अनुज कुमार ने बताया कि वे उनकी बातों में आकर कंपनी के खाते में 2.50 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। ये राशि उन्होंने सीधे अपने बैंक खाते से कंपनी के खाते में भेजी थी। लेन-देन के सभी प्रमाण उनके पास मौजूद हैं। कंपनी की ओर से एक गैर-न्यायिक स्टांप पेपर पर टेंडर भी दिया गया था, जिसकी प्रति भी शिकायत के साथ संलग्न की गई है। पीड़ित का आरोप है कि निवेश के कुछ समय बाद तक दोनों लोग संपर्क में रहे, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने बात करना बंद कर दिया। अब उनके मोबाइल फोन बंद हैं और सहारनपुर स्थित कंपनी का कार्यालय भी ताला बंद मिला है। पीड़ित का कहना है कि उन्हें बहला-फुसलाकर ठगा गया है। पीड़ित अनुज कुमार ने मानवाधिकार आयोग से दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग की है।
सहारनपुर में युवक से 2.50 लाख की ठगी:पीड़ित ने मानवाधिकार आयोग में की शिकायत, CMD और कर्मचारी फरार, कार्यालय भी बंद मिला
📅 Published: December 1, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
