सहारनपुर में S.I.R. से मतदाता सूची सत्यापन पर बैठक:व्यापारियों ने वोट सत्यापन को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताया

📅 Published: November 30, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की महानगर इकाई ने रविवार को मतदाता सूची के एस.आई.आर. (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के माध्यम से वोट सत्यापन पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची में प्रत्येक नागरिक के सही नाम दर्ज होने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि सभी मतदाताओं को अपना गणना प्रपत्र 4 दिसंबर 2025 से पहले अपने बीएलओ को अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। ऐसा न करने पर मतदाता का नाम सूची से हट सकता है। सिटी मजिस्ट्रेट ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2025 की मतदाता सूची में नहीं है या जिनका गणना प्रपत्र जमा नहीं हुआ है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जो मतदाता अपना वोट किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करना चाहते हैं, वे फॉर्म-8 भरकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा और वरिष्ठ महामंत्री सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि संगठन हमेशा व्यापारिक समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों का भी निर्वहन करता है। उन्होंने बताया कि यह बैठक इसलिए आयोजित की गई है ताकि व्यापारी वर्ग मतदाता सूची में अपने वोट का सत्यापन कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सके। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे स्वयं अपने वोट का सत्यापन कराएं और साथ ही अपने बाजारों, प्रतिष्ठानों तथा आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों को इस संबंध में जागरूक करें। उन्होंने इस कार्य को नागरिक कर्तव्य और राष्ट्रहित में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया। बैठक में प्रांतीय संगठन मंत्री अशोक छाबड़ा, कोषाध्यक्ष सुधीर मिगलानी, प्रदेश संरक्षक कृष्ण लाल ठक्कर सहित कई अन्य व्यापारी नेता और सदस्य उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में मतदाता सूची के सत्यापन और जागरूकता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *