हरियाणा के सिरसा जिले में महिला थाने के बाहर धमाका करने के मामले में पुलिस ने कई खुलासे किए हैं। इस केस में पकड़े गए 5 में से चार आरोपी रानियां के गांव खारिया के रहने वाले हैं। ये आपस में पड़ोसी हैं। पढ़ाई छोड़ चुके हैं और नशे के आदी है। पांचवां आरोपी चौटाला गांव का है और इन दिनों सिरसा की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता है। आरोपियों को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि धमाका किससे किया गया। बताया जा रहा है कि यह जुगाड़ू देसी ग्रेनेड या कुछ हल्के स्तर का विस्फोटक हो सकता है। लैब से रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा। इनके घर से इसकी कील और मास्क मिले हैं। सिरसा एसपी दीपक सहारण ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आरोपी यह विस्फोटक सामग्री पंजाब से लेकर आए थे। चार दिन पहले ही पंजाब के अमृतसर से लौटे थे। पुलिस ने इन आरोपियों को कहीं से आर्थिक मदद मिलने की बात कही है। ये मदद किसने दी? क्या बाहरी देश का कोई लिंक है? इसकी अभी जांच चल रही है। वहीं, सूत्रों ने करीब 50 हजार रुपए में डील होने की बात कही। इनमें से कुछ पैसे ऑनलाइन मिले और कुछ कैश आया था। इसी के बाद ये हमले को अंजाम दे दिया। पुलिस का प्रारंभिक तौर पर मानना है कि इस धमाके का मकसद दहशत फैलाना होगा। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… पुलिस टायर फटना मानती रही, वीडियो वायरल होने पर अलर्ट
इसमें पुलिस की चूक भी सामने आई है। मंगलवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच महिला थाने के बाहर हमला हुआ था। उस समय पुलिस और आसपास के लोग इसे टायर फटने या पटाखे बजने जैसी बात मानती रही। बुधवार को इस हमले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसमें दावा किया गया कि खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (केएलएफ) ने धमाका किया। इंस्टाग्राम पर किंग शूटर्स 302 नाम से बने अकांउट से वीडियो पोस्ट किया गया। सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस
सोशल मीडिया पर थाने पर हमले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम, साइबर पुलिस ने मौके से तथ्य जुटाए और विस्फोटक से जुड़ी सामग्री जांच के लिए कब्जे में ली। जिस अकाउंट से वीडियो पोस्ट हुई, उसकी पड़ताल की गई। उसकी के बाद पुलिस खारिया गांव तक पहुंची और आरोपी विकास, संदीप, धीरज, विकास कुमार निवासी खारिया और सुशील निवासी चौटाला गांव पकड़े। साथ ही साइबर टीम ने इंस्टाग्राम पर किंग शूटर्स 302 नाम से बने अकांउट को भी बंद कराया। चार में दो-दो युवक एक समाज-परिवार से
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए चार आरोपी विकास, संदीप, धीरज, विकास कुमार खारिया के हैं। विकास और संदीप का घर पास-पास है और एक ही समाज-परिवार से हैं। धीरज और विकास पड़ोसी हैं और एक ही समाज-परिवार से हैं। पांचवां आरोपी सुशील सिरसा की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला है। पकड़े गए आरोपी कम पढ़े लिखे, सभी पर पहले केस दर्ज
विकास : पिता रणवीर की मृत्यु हो चुकी है। घर पर मां, पत्नी और एक बच्चा है। दादा-दादी सरकारी स्कूल से चपरासी के पद कार्यरत थे। विकास ने 12 कक्षा तक पढ़ाई की हुई है। मारपीट के मामले दर्ज हैं। दो साल पहले लव मैरिज की, जिसका विरोध हुआ था। संदीप : दो भाई हैं। पिता इंद्रपाल की मौत हो चुकी है। दिहाड़ी मजदूरी करता है। अविवाहित है। मारपीट का मामला दर्ज है। 8 वीं पास हैं। धीरज : गरीब परिवार से संबंध रखता है। एक भाई और एक बहन माता-पिता और दादा-दादी हैं। सभी दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। अविवाहित है। मारपीट के मामले दर्ज हैं। 12वीं पास है। विकास कुमार: गरीब परिवार से संबंध रखता है। परिवार में तीन भाई और माता-पिता हैं। सभी दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। अविवाहित है। मारपीट के मामले दर्ज है। 10 वीं पास है। सुशील उर्फ शीलू : गांव चौटाला का रहने वाला है। पिता चौकीदार थे, जिनका निधन हो चुका। एनडीपीएस का मामला दर्ज। 12 वीं पास है। मध्यवर्गीय परिवार से है। नशे का आदी है। चार दिन पहले अमृतसर गए थे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खारिया निवासी चारों युवक करीब चार दिन पहले अमृतसर गए थे। घरवालों को पंजाब जाने की बात कही थी, पर ये नहीं बताया कि किस काम से गए थे। सूत्रों की मानें ये वहां से ट्रेन से आए हैं और वहीं से यह विस्फोटक सामग्री लेकर आए थे। 25 नवंबर की रात 10 से 11 बजे के बीच ये हरकत की। विस्फोटक सामग्री फेंकते समय तीन मौजूद थे
पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस स्टेशन पर यह विस्फोटक सामग्री फेंकते समय तीन युवक मौके पर मौजूद थे। इनमें से एक ने विस्फोटक फेंका और दो की भूमिका वीडियो बनाने और बाइक लेकर जाने में रही। उन्होंने जगह भी ऐसी चुनी, जहां पर रात्रि को सुनसान था और थाने के गेट पर पुलिस भी नहीं थी। उस जगह पूर्व सांसद अशोक तंवर की कोठी है, उसके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों भी ठीक नहीं चल रहे थे। कुछ लोगों ने उसके धमाके की आवाज सुनी, पर किसी ने सोचा कि ऐसा हुआ है और न ही जांच की गई। इनकी और भी प्लानिंग थी, पहले ही पकड़े गए : एसपी
सिरसा एसपी दीपक सहारण का कहना है कि पांचों युवकों में से तीन पर पहले से मारपीट-झगड़े के केस दर्ज हैं। इनके पास आर्थिक मदद के भी कुछ सुबूत मिले हैं, इसकी जानकारी जुटा रहे हैं। इनकी प्लानिंग और भी थी। पहले ही ये पकड़े गए। इस मामले में सिविल लाइन थाना में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 111, 3, 4, 8, 61 के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच के लिए आईपीएस एएसपी फैजल खान के नेतृत्व में टीम बना दी है। ——————— ये खबर भी पढ़ें… सिरसा वूमन थाने पर विस्फोटक हमला, पैसे लेन-देन हुआ:नजदीक पूर्व सांसद की कोठी, एसपी बोले-खालिस्तानी-दूसरे देश से सपंर्क, राष्ट्र के प्रति द्वेष सिरसा जिले में वूमन पुलिस स्टेशन पर विस्फोटक हमला मामले में खुलासा हुआ है कि पैसों के लेन-देन की बात सामने आई है। पुलिस इसे खालिस्तानी संगठन और दूसरे देश से संपर्क होने का शक जता रही है। पांचों युवकों और खालिस्तानी संगठन के बीच विस्फोटक गिराने को लेकर पैसों में डील हुई थी। (पूरी खबर पढ़ें)
सिरसा महिला थाने के बाहर हुए धमाके में खुलासा:4 दिन पहले पंजाब से लाए विस्फोटक, 50 हजार में डील; 4 आपस में पड़ोसी-रिश्तेदार
📅 Published: November 27, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
