सीतापुर के लहरपुर कोतवाली इलाके के नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मोहल्ले में खड़ी कार अचानक आग का गोला बन गई। मोहल्ला जोशी टोला निवासी कमलेश जोशी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार को रोजाना की तरह पास के एक खाली पड़े प्लॉट में खड़ी कर घर चले गए थे। रात लगभग 1 बजे मोहल्ले के लोगों ने देखा कि कार के अगले हिस्से से धुआं उठ रहा है और देखते ही देखते आग की तेज लपटें निकलने लगीं। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर जुट आए और तत्काल इसकी सूचना कार मालिक कमलेश जोशी को दी। सूचना मिलते ही वह भी मौके पर पहुँच गए। मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर उन्होंने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग आंशिक रूप से बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार का बोनट, इंजन पार्ट्स तथा आगे की सीटों तक का हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। कार मालिक कमलेश जोशी ने बताया कि कार पूरी तरह बंद कर सुरक्षित खड़ी की गई थी। अचानक आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने आशंका जताई कि वाहन में किसी प्रकार की शॉर्ट सर्किट की समस्या या बाहरी कारण से आग भड़की हो सकती है। फिलहाल घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दे दी गई है, जो मामले की जांच कर रही है।
सीतापुर में खड़ी कार बनी आग का गोला, VIDEO:देर रात घर के बाहर कार में लगी आग, लोगों ने बाल्टियों से बुझाई
📅 Published: December 2, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
