सीतापुर के सिधौली में मंगलवार शाम हाइवे-30 पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास एक सड़क हादसे में एक होमगार्ड की मौत हो गई। ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार होमगार्ड रामकिशुन को एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अज्ञात वाहन होमगार्ड को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक होमगार्ड की पहचान 55 वर्षीय रामकिशुन के रूप में हुई है, जो सटूल्लापुर मजरा सैर, थाना रामपुर कला के निवासी थे। वह अटरिया थाने में तैनात थे और सीओ आवास पर ड्यूटी के लिए खाना लेकर बाइक से जा रहे थे। सिधौली बस स्टॉप के पास अनुमान मंदिर के समीप सर्विस लेन पर पहुंचते ही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल रामकिसुन को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिधौली कपूर कुमार और कोतवाली प्रभारी जयेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की पड़ताल शुरू की। कोतवाली प्रभारी जयेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी वाहन को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीतापुर में ड्यूटी जा रहे होमगार्ड की मौत:ट्रक के कुचलने से हादसा, अटरिया थाने में थे तैनात
📅 Published: December 2, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
