कानपुर में इन दिनों मौसम ने करवट ली है, जहां दिन में तेज धूप निकल रही है वहीं, सुबह और रात के समय ठंड में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों और पूर्वानुमान के मुताबिक, इस ठंडे ट्रेंड के अगले पाँच दिनों तक जारी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा सीएसए के मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके विपरीत, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम, मात्र 7.4 डिग्री सेल्सियस पर ठहरा, जो रात और सुबह की बढ़ी हुई ठंड को स्पष्ट करता है। हवा की औसत गति 1.3 किमी/घंटा और दक्षिण-पूर्वी दिशा रही। न्यूनतम तापमान गिरेगा सीएसए और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पाँच दिनों में आसमान साफ रहेगा और वर्षा की कोई संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलने के कारण प्रातःकाल एवं रात्रि के समय हल्की से मध्यम स्तर की ठंड रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। पोलर वर्टेक्स है मुख्य वजह ठंड की वैज्ञानिक वजह बताते हुए सीएसए के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने कहा कि इस बार नार्थ पोल से पोलर वर्टेक्स (ध्रुवीय भंवर) कमजोर होने के कारण जेटस्ट्रीम भी नीचे आई है। यही l प्रक्रिया सुबह और रात की बढ़ती ठंड के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बादल छाने से तापमान गिर सकता है। लेकिन धूप खिली रहने के कारण दिन का तापमान सामान्य या उससे ऊपर बना रहेगा।
सुबह-रात में सर्दी, दिन में चटक धूप से तापमान बढ़ा:न्यूनतम तापमान 7.4 और अधिकतम 26.2 दर्ज, विशेषज्ञ बोले बढ़ेगी ठंड
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
