सोनभद्र में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा शुरू हो गया है। इस दौरान लोगों को नसबंदी के प्रति जागरूक करने के लिए सीएमओ कार्यालय परिसर से प्रचार वाहन ‘सारथी’ को रवाना किया गया। सीएमओ डॉ. पंकज कुमार राय ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया। यह पखवाड़ा 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। इसकी थीम ‘स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से ही होगा यह सपना साकार’ रखी गई है।इस अवसर पर रैली में शामिल सभी लोगों ने स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की थीम पर काम करने का संकल्प लिया।कुल 24 सारथी वाहन शहर में परिवार नियोजन का प्रचार-प्रसार करेंगे। पखवाड़े को दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है।पहला चरण, मोबिलाइजेशन फेज, 21 नवंबर से 27 नवंबर तक चलेगा, जिसके बाद 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक सेवा प्रदायगी फेज होगा। इन चरणों में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता और सेवाएं दोनों प्रदान की जाएंगी। सीएमओ डॉ. राय ने पुरुषों से अपील की कि वे नसबंदी को स्थाई परिवार नियोजन की विधि के रूप में अपनाएं, क्योंकि यह केवल महिलाओं के लिए नहीं है।उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दो दिन बाद व्यक्ति सामान्य काम और एक सप्ताह बाद भारी काम कर सकता है। परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव ने पुरुषों में नसबंदी को लेकर समाज में बनी गलत धारणाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में बनी धारणाएं आज भी चली आ रही हैं, जिन्हें खत्म करने की जरूरत है। डॉ. गुलाब शंकर यादव ने स्पष्ट किया कि पुरुष नसबंदी में न तो कोई चीरा लगता है और न ही कोई टांका लगाना पड़ता है। इससे किसी प्रकार की पौरुष क्षमता पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि नसबंदी के बाद भी व्यक्ति वैवाहिक सुख का पूरा आनंद ले सकता है। यह एक 10 मिनट की सरल प्रक्रिया है, जिसे अनुभवी चिकित्सक पूर्ण करवाते हैं। मौजूदा वित्तीय वर्ष में विभाग को 80 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य मिला है और अप्रैल से अब तक 21 पुरुषों ने नसबंदी कराई है।इस पखवाड़ा में लक्ष्य पूर्ण कर लिया जायेगा, इसके लिए जिले की सभी सीएचसी को 10-10 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने बताया कि “जिले में नसबंदी कराने वाले पुरुषों को सरकार की तरफ से मिलने वाली 4000 रुपए की प्रोत्साहन राशि तो दी ही जाएगी साथ ही कॉरपोरेशन की तरफ से एक ब्लैकेट भी दिया जायेगा साथ ही नसबंदी कराने वाले पुरुषों के स्वास्थ्य जाँच भी समय-समय पर किया जायेगा। इस दौरान डॉ. प्रेमनाथ, डॉ. सूबेदार प्रसाद, डॉ. गिरधारी लाल, आशीष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सोनभद्र में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा शुरू, जागरूकता वाहन रवाना:सीएमओ ने सारथी वाहन को दिखाई हरी झंडी
📅 Published: November 27, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
