हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुर मजरा नेवादा विजय गांव में बृहस्पतिवार रात डीजे बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान डीजे संचालक के पिता 45 वर्षीय पुत्तीलाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बारात में जयमाल कार्यक्रम पूरा होने के बाद रात लगभग 12 बजे डीजे बंद कर दिया गया था। इसी बात पर दूल्हे के जीजा आकाश गौतम और उसके बड़े भाई अखिलेश गौतम ने डीजे फिर से शुरू कराने का दबाव बनाया। आरोप है कि बहस बढ़ने पर आकाश ने अपने भाई अखिलेश के उकसाने पर पुत्तीलाल को तमंचे से गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मृतक के पुत्र अमित की तहरीर पर दूल्हे के जीजा आकाश गौतम और उसके भाई अखिलेश गौतम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को मुख्य आरोपी के भाई अखिलेश गौतम को गिरफ्तार कर लिया। अतरौली पुलिस टीम, जिसमें एसआई राहुल शर्मा, हेड कांस्टेबल उदयवीर सिंह, कांस्टेबल अर्जुन यादव और अरुण कुमार शामिल थे, ने आरोपी अखिलेश गौतम को लखनऊ के बरौरा हुसैनबाड़ी क्षेत्र से पकड़ा। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी आकाश गौतम की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुत्तीलाल का शव गांव पहुंचा। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटे—आशीष (25), अमित (22) और अखिलेश (18)—तथा बेटी रेखा (33) हैं। दोपहर बाद गांव में शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हरदोई में डीजे संचालक का एक हत्यारोपी गिरफ्तार:शादी में डीजे बंद करने पर भाई संग मारी थी गोली, दूल्हे के जीजा, लखनऊ के इशारा ग्रुप का चेयरमैन
📅 Published: November 30, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
