हरियाणा के हांसी में रेसलिंग हरियाणा सीनियर स्टेट चैंपियनशिप के दौरान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और हरियाणा पुलिस की इंस्पेक्टर निर्मल बूरा को खेलने से रोक दिया गया। इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया। निर्मल के मुताबिक उन्हें 30 नवंबर को प्रतियोगिता का निमंत्रण मिला था, लेकिन मौके पर आयोजकों ने जिला स्तर की प्रतियोगिता में भाग न लेने के आधार पर उन्हें अयोग्य बताते हुए मुकाबले में उतरने से मना कर दिया। वहीं, रेसलिंग हरियाणा संगठन का कहना है कि फेडरेशन नियमों के अनुसार केवल वही खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेल सकते हैं, जिन्होंने जिला स्तर पर क्वालीफाई किया हो। निर्मल ने इसे अन्याय बताते हुए मामला फेडरेशन और कोर्ट तक ले जाने की बात कही है। सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… रेसलिंग संगठन के महासचिव बोले- भविष्य की प्रतियोगिताओं में स्वागत
दूसरी ओर, हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और रेसलिंग हरियाणा संगठन के महासचिव राकेश सिंह ने कहा कि फेडरेशन की नीति के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर केवल वही खिलाड़ी भेजे जाते हैं, जो जिला स्तर पर खेलकर अपनी योग्यता साबित करते हैं। राकेश सिंह ने तर्क दिया, “एक खिलाड़ी जिसने पांच मुकाबले जीतकर क्वालीफाई किया हो और एक खिलाड़ी जो बिना जिला स्तर खेले सीधे स्टेट या नेशनल खेलना चाहे, यह अन्य खिलाड़ियों के साथ अन्याय होगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी कारण निर्मल बूरा को खेलने की अनुमति नहीं दी गई। राकेश सिंह ने यह भी स्वीकार किया कि निर्मल एक बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं और भविष्य की प्रतियोगिताओं में उनका स्वागत रहेगा। राष्ट्रीय चैंपियन है निर्मल बूरा निर्मल बूरा, हिसार के घिराय गांव की बेटी हैं और फिलहाल हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनका शानदार खेल करियर रहा है। उन्होंने 2001 में राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब हासिल किया। 2007 में कनाडा में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक प्राप्त किया। 2010 स्पेन इंटरनेशनल कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता। प्रो रेसलिंग लीग में 48 किलो वर्ग में पंजाब रॉयल्स की ओर से खेलते हुए कई अंतरराष्ट्रीय दावेदारों को मात दी।
हरियाणा पुलिस इंस्पेक्टर को स्टेट चैंपियनशिप में खेलने से रोका:इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं निर्मल बूरा, हिसार में खेलने पहुंची तो आयोजक बोले- आप क्वालिफाई नहीं
📅 Published: December 4, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
