हर्ष फायरिंग में बच्चे को गोली लगी:ग्रेटर नोएडा में बारात चढ़त के दौरान हुई घटना, दो हिरासत में

📅 Published: December 1, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र के नगला चमरू गांव में हर्ष फायरिंग के दौरान एक 10 वर्षीय बच्चे को गोली लग गई। घटना रविवार रात बारात चढ़त के समय हुई। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगला चमरू गांव निवासी सतीश की बेटी की शादी रविवार को थी। खैरपुर गांव से बारात आई थी और रात में चढ़त का कार्यक्रम चल रहा था। गांव निवासी सुनील का 10 वर्षीय बेटा कृष बारात देखने गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग की, जिसमें एक गोली कृष के सिर में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चा घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि बारात की चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग में एक बच्चा घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *