हाथरस साइबर क्राइम पुलिस ने आज बुधवार की शाम को रेलवे विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर साढ़े तीन लाख रुपये हड़पने का आरोप है। यह मामला तब सामने आया जब दिग्विजय सिंह नामक व्यक्ति ने 21 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को उनके पिता के फोन पर ट्रू-कॉलर में प्रमोद कुमार शर्मा के नाम से एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोपियों ने रेलवे विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए और एक ज्वाइनिंग लेटर दिया। बाद में जांच करने पर पता चला कि दिया गया नियुक्ति पत्र फर्जी था। पुलिस ने दर्ज किया था मुकदमा दिग्विजय सिंह की शिकायत के आधार पर साइबर थाना हाथरस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बैंक खातों के विवरण की जानकारी जुटाई, जिनमें ठगी के पैसे भेजे गए थे। साइबर क्राइम पुलिस ने तकनीकी खुफिया जानकारी और अन्य लाभदायक सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर, पुलिस ने मथुरा-बरेली हाईवे पर रुहेरी कट से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मो. रुखशाद पुत्र मो. रजा, निवासी ग्राम भैसाली जमालपुर, थाना काँठ, जनपद मुरादाबाद और योगेश पुत्र इन्दर, निवासी भैड़ी फरीदपुर, थाना छछलैट, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है।
हाथरस में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी:फर्जी नियुक्ति पत्र देकर साढ़े तीन लाख रुपए लिए, दो आरोपी गिरफ्तार
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
