हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल:लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

हापुड़ में कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच मोदीनगर रोड पर मुठभेड़ हुई। जिसमें लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई रकम, हथियार और फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की गई है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि वैगन आर कार सवार तीन बदमाशों ने लिफ्ट देकर एक व्यक्ति से तमंचे के बल पर 20 हजार रुपए लूट लिए। बदमाश पीड़ित को मोदीनगर रोड पर उतारकर फरार हो गए थे। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट पुलिस टीम के सक्रिय हो गए। पुलिस ने सभी मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस ने मोदीनगर रोड पर सरावा अड्डे पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध वैगन आर कार पुलिस चेकिंग देखकर सरावा गांव की ओर मुड़ गई और दस्तोई रोड की तरफ तेजी से भागने लगी। पुलिस टीम ने तुरंत बदमाशों का पीछा किया। सरावा-दस्तोई मार्ग पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। इस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों आसिफ (घायल), कल्लू (घायल) और फारूक को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, फायरिंग में इस्तेमाल हुए खोखे, लूटे गए पूरे 20,000 रुपए और फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगन आर कार बरामद की गई है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होना सामने आया है। दोनों घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *