ABVP ने संविधान दिवस पर संगोष्ठी की:प्रो. त्रिपाठी ने युवाओं से संवैधानिक मूल्य समझने का आह्वान किया

📅 Published: November 27, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) प्रयाग महानगर ने संविधान दिवस के अवसर पर रामबाग स्थित कमला नेहरू नेचुरल इलेक्ट्रोपैथी इंस्टीट्यूट में एक संगोष्ठी का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित करना था। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ अभाविप के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी थे। उन्होंने “भारत एक संवैधानिक विचार” विषय पर विस्तृत वक्तव्य दिया। प्रो. त्रिपाठी ने भारतीय संविधान को दुनिया के सबसे मजबूत लोकतांत्रिक दस्तावेजों में से एक बताया, जो देश की विविधता को एक सूत्र में पिरोता है। प्रो. त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान न केवल हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है, बल्कि विविधता में एकता का सर्वोत्तम प्रतीक भी है। उन्होंने बताया कि यह दस्तावेज हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग करता है। उन्होंने संविधान दिवस के इतिहास और इसकी पृष्ठभूमि पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक आदर्शों की व्याख्या की। उन्होंने छात्रों को इन्हें अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की ऊर्जा हैं और देश को नई दिशा देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से संविधान का पालन करने और उसका अध्ययन करने का आह्वान किया, ताकि वे समाज और देश के प्रति अपने उत्तरदायित्वों को बेहतर ढंग से समझ सकें। अभाविप प्रयाग महानगर के मंत्री प्रतीक मिश्रा ‘सूरज’ ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि संविधान द्वारा बताए गए दायित्वों और आदर्शों को जीवन में लागू करने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने यह भी बताया कि अभाविप छात्रों में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को युवा वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर अभाविप के विदित शुक्ला, अमन शुक्ला, उज्ज्वल मिश्रा, राहुल तिवारी, विनीत मिश्रा और प्रतीकेश्वरंद पाठक सहित कई छात्र कार्यकर्ता उपस्थित थे। छात्रों ने प्रो. त्रिपाठी के विचारों को ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *