हरियाणा विधानसभा में संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सीएम नायब सैनी ने संविधान पर पुष्प अर्पित कर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को नमन किया। सीएम सैनी ने संविधान दिवस की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, राष्ट्र को मजबूत और सशक्त करना संविधान की मूल भावना है। हरियाणा सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप अपनी नीतियों द्वारा प्रजातांत्रिक सिद्धांतों को निरंतर आगे बढ़ाने का काम कर रही है। इस मौके पर विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण समेत कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। प्रस्तावना के पाठ के साथ मनाया गया दिवस सीएम सैनी ने बताया, भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की पहल पर इस बार संविधान दिवस देशभर में संविधान की प्रस्तावना के पाठ के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम को प्रस्तावना मैराथन नाम दिया गया है। सभी राज्यों में होने वाले संविधान की प्रस्तावना के पाठ की निरंतर लाइव स्ट्रीमिंग किए जाने की योजना मंत्रालय द्वारा राज्यों के पंचायती राज विभागों के सहयोग से बनाई गई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में सभी जिला-स्तर पर स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र एवं पंचायत लर्निंग सेंटर पंचायती राज के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा अन्य नागरिकों को साथ लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाबा साहब के महान योगदान की याद दिलाता है ये दिन सीएम नायब सैनी ने कहा, आज का दिन हमें बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर के महान योगदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने दूरदर्शी विचारों और अथक परिश्रम से विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को एक मजबूत, समावेशी और न्यायपूर्ण संविधान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने दलितों, शोषितों और वंचितों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका दिया हुआ संविधान आज भी हमें एकजुट रखता है और हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है।
CM सैनी बोले-राष्ट्र को मजबूत करना संविधान की मूल भावना:हरियाणा विधानसभा में संविधान दिवस पर कार्यक्रम; स्पीकर कल्याण व मंत्री रहे मौजूद
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
