गुरूवार को भरवारी नगर पालिका में SIR (मतदाता सूची समीक्षा) को लेकर आम जनता की समस्याओं को सुना गया। कांग्रेस ने घोषणा की है कि जल्द ही पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल कौशांबी के जिलाधिकारी से मुलाकात कर इन दिक्कतों पर चर्चा करेगा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और प्रयागराज जोन के प्रभारी राजेश तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि मतदाता सूची की समीक्षा से जनता को बड़ी परेशानियां हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नियुक्त किए गए BLOs (बूथ लेवल अधिकारी) के पास SIR को लेकर न तो पर्याप्त जानकारी है और न ही उन्हें कोई प्रशिक्षण दिया गया है। पूर्व विधायक चायल विजय प्रकाश ने कहा कि SIR केवल एक बहाना है। उनका आरोप था कि भाजपा दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग के वोट काटकर तुष्टिकरण की राजनीति करना चाहती है, जिसे कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने बताया कि मतदाता सूची के निरीक्षण के दौरान 2003 का रिकॉर्ड मांगा जा रहा है, जिससे आम जनता को काफी समस्या हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि BLOs के पास फॉर्म 7 और 8 का कोई उपयोग नहीं है, और सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें परेशान कर रही है। जिला उपाध्यक्ष अकरम जका ने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से अल्पसंख्यकों के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने सरकार की इस ‘तुच्छ मानसिकता’ की निंदा करते हुए इसका पुरजोर विरोध करने की बात कही। जनता की इन समस्याओं को लेकर कौशांबी कांग्रेस के कार्यकर्ता जल्द ही जिलाधिकारी से वार्ता करेंगे। इस मौके पर जिला संयोजक राजेश साहनी, रामबहादुर त्रिपाठी सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
SIR से जनता परेशान, कौशांबी कांग्रेस DM से मिलेगी:भाजपा पर दलित, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग के वोट काटने का आरोप
📅 Published: November 27, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
