कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के 7948 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और अब आयोग ने पदों का विस्तृत विवरण जारी कर दिया है। भर्ती तीन प्रकार की होगी। जिसमें आयु वर्ग और कार्यों के हिसाब से विभिन्न पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए 36 लाख से अधिक आवेदन आए हैं। एसएससी एमटीएस-2025 के अंतर्गत कुल 7948 पद भरे जाएंगे। इनमें से प्रयागराज स्थित मध्य क्षेत्र कार्यालय के तहत उत्तर प्रदेश और बिहार में 479 पदों पर भर्ती होगी। आयु सीमा के अनुसार, 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के लिए 6078 पद उपलब्ध हैं। जिनमें उत्तर प्रदेश के 368 और बिहार के 83 पद शामिल हैं। वहीं 18 से 37 वर्ष तक की आयु सीमा में 732 पद भर्ती के लिए उपलब्ध रहेंगे। जिसमें उत्तर प्रदेश के 11 और बिहार के एक स्थान पर नियुक्ति होगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों में हवलदार के रूप में 1138 पद भरे जाएंगे। इनमें से लखनऊ स्थित मुख्य आयुक्त केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) कार्यालय में 16 हवलदार पद शामिल हैं। यह भर्ती कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न विभागीय आवश्यकताओं को पूरा करेगी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और अन्य निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन नियमित रूप से देखें और भर्ती संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां प्राप्त करें।
SSC MTS में 7948 पदों पर भर्ती:36 लाख से अधिक आवेदन, लिखित परीक्षा से होगा चयन
📅 Published: November 28, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
