देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र के परसा जोकहा गांव में गुरुवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय खुशी के रूप में हुई है, जो चंदन गोंड़ की पत्नी और परसा जोकहा की निवासी थीं। खुशी मूल रूप से गौरीबाजार थाना क्षेत्र के इंदूपुर गांव की रहने वाली थीं। उनकी शादी लगभग छह वर्ष पहले चंदन गोंड़ से हुई थी। बताया जा रहा है कि मृतका तीन माह की गर्भवती थीं। घटना की सूचना मिलते ही मायकेवालों ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग चुपचाप अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी ग्रामीण ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना पर सुरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतका के पिता अनिल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी खुशी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष आए दिन अतिरिक्त दहेज की मांग करता था और खुशी को परेशान करता था। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती थी। मायके पक्ष ने पति चंदन गोंड़ सहित ससुरालवालों पर जानबूझकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। थाना सिरौली पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि मायके पक्ष की तहरीर पर उचित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
विवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस ने शव कब्जे में लिया:देवरिय में मायके वालों ने कहा- गर्भवती थी, फिर भी दहेज के लिए पीटते
📅 Published: December 5, 2025 |
📂 Category: India Up
