फरीदाबाद में दुकानदार से रंगदारी मांगने वाले 4 गिरफ्तार:कमल भड़ाना गिरोह से जुड़े, बिहार-यूपी के रहने वाले; 3 दिन के रिमांड पर

📅 Published: December 11, 2025 | 📂 Category: India Up

फरीदाबाद में थाना डबुआ क्षेत्र में दुकानदार से रंगदारी मांगने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला 3 और 12 मार्च की घटनाओं से जुड़ा हुआ है, जिसमें बदमाशों ने दुकानदार को धमकाने के बाद हमला कर नकदी भी लूट ली थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि डबुआ कॉलोनी निवासी भारत अदलखा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 3 मार्च को वह अपने पिता के साथ 17 नंबर चुंगी, डबुआ स्थित पानी की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक गाड़ी में आए तीन युवक वहां पहुंचे और उसे काम बंद करने की धमकी देकर फरार हो गए। यह पहली बार था, जब शिकायतकर्ता को बदमाशों ने रंगदारी के लिए डराने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, 12 मार्च की शाम करीब 6 बजे 5–6 युवक उसकी दुकान पर दोबारा आए। दुकान के अंदर घुसकर आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और कैश काउंटर से पैसे छीनकर मौके से भाग गए। वारदात के बाद शिकायत पर थाना डबुआ में रंगदारी, लूट, मारपीट सहित संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बिहार और यूपी के रहने वाले मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी व गुप्त सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रथम उर्फ पार्थ (23) निवासी मठिया जिला मोतीहारी, बिहार हाल त्यागी मार्किट डबुआ कॉलोनी; दिलशाद उर्फ दिल्ला (22) निवासी सोरम, मुजफ्फरनगर, उ.प्र. हाल गाजीपुर; मुकेश उर्फ मुक्के (22) निवासी फालेंन, जिला मथुरा, उ.प्र. हाल गाजीपुर और सौरव उर्फ सुच्चा (24) निवासी शारिका पुरवा, जिला रायबरेली, उ.प्र. हाल डबुआ कॉलोनी के रूप में हुई है। भड़ाना के साथी हैं चारों, 3 दिन के रिमांड पर पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कमल भड़ाना के साथी हैं और उसी के इशारे पर शिकायतकर्ता की दुकान पर रंगदारी मांगने गए थे। रंगदारी न देने पर उन्होंने दुकानदार से मारपीट की और पैसे छीन लिए। पुलिस ने बताया कि कमल भड़ाना को मुठभेड़ के बाद पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब उनसे लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल वाहन सहित अन्य जानकारियां जुटा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *