देवरिया में राष्ट्रीय लोक अदालत का ऐतिहासिक आयोजन:रिकॉर्ड 2.21 लाख वाद निस्तारित, 26.47 करोड़ रुपये का सेटलमेंट

📅 Published: December 13, 2025 | 📂 Category: India Up

देवरिया में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें रिकॉर्ड 2,21,628 मामलों का निस्तारण हुआ। इस दौरान प्रतिकर, जुर्माना और अन्य मदों में कुल 26 करोड़ 47 लाख 49 हजार 405 रुपये का सेटलमेंट किया गया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव की अध्यक्षता में शनिवार को यह लोक अदालत आयोजित की गई। न्यायालय परिसर में फीता काटकर, मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ इसका शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय बद्री विशाल पाण्डेय और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार तिवारी सहित अन्य न्यायाधीश उपस्थित रहे। इस अवसर पर न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव ने राष्ट्रीय लोक अदालत को समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय दिलाने का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने न्यायाधीशों से अपील की कि वे वादों का निस्तारण करते समय स्वयं को वादकारी की जगह रखकर निर्णय लें, ताकि मामलों का शीघ्र समाधान हो सके। न्यायमूर्ति के मार्गदर्शन में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और विभागीय अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से देवरिया में बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण संभव हो पाया। जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह ने 5 वाद, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय बद्री विशाल पाण्डेय ने 16 और अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ब्रजेश मणि त्रिपाठी ने 26 पारिवारिक वादों का निस्तारण किया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी इफ्तेखार अहमद ने 107 मामलों का निपटारा कर 7 करोड़ 12 लाख 85 हजार रुपये का प्रतिकर दिलाया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंजू कुमारी ने 1308 वादों का निस्तारण किया, जबकि अन्य न्यायिक अधिकारियों ने 1577 मामलों का निपटारा किया। इसके अतिरिक्त, राजस्व विभाग, बैंक और अन्य विभागों द्वारा 2,18,589 मामलों का समाधान किया गया। इस प्रकार, राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2,21,628 मामलों का निस्तारण हुआ और कुल 26 करोड़ 47 लाख 49 हजार 405 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट किया गया। इस लोक अदालत में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, बैंक कर्मी, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी, मध्यस्थ, वादकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार तिवारी के अथक प्रयासों से यह आयोजन सफल रहा।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *