लखनऊ में अपराध की दो अलग-अलग घटनाओं ने व्यापारियों और आम लोगों में दहशत पैदा कर दी है। एक ओर गाजीपुर थाना क्षेत्र में एक ज्वैलर्स से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर महानगर थाना क्षेत्र में एटीएम बूथ में युवक से लूट की कोशिश की गई। ज्वैलर्स से रंगदारी मांगने का आरोप गाजीपुर थाना क्षेत्र के भूतनाथ मार्केट स्थित रिद्धि ज्वैलर्स के संचालक जय कुमार जैन ने आरोप लगाया है कि इंदिरा नगर निवासी रमन दुबे बीते छह माह से उनसे रंगदारी मांग रहा है। पीड़ित के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप कॉल के जरिए और शोरूम में आकर लगातार धमकियां देता रहा है। करीब डेढ़ माह पहले आरोपी ग्राहकों के सामने शोरूम में घुस आया और हर माह रुपये न देने पर दुकान व परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। भय के चलते पीड़ित ने एक माह की रकम दे दी, लेकिन इसके बाद आरोपी की मांग और बढ़ती चली गई। जय कुमार जैन का कहना है कि आरोपी गाजीपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के दौरान कर अधीक्षक आरएस कुशवाहा समेत पांच लोगों की टीम से मारपीट के मामले में भी वह आरोपी रह चुका है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। एटीएम बूथ में युवक से लूट की कोशिश दूसरी घटना महानगर थाना क्षेत्र के निशातगंज की है। मूल रूप से अंबेडकर नगर के किन्नूपुर योगिधानिकपुर निवासी अश्वनी कुमार दुबे 17 दिसंबर को काम से निशातगंज आए थे। रुपये निकालने के लिए वह बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ में गए थे, तभी एक बदमाश ने अचानक उनकी आंखों में हार्ड स्प्रे डालकर रुपये लूटने का प्रयास किया। पीड़ित ने विरोध करते हुए शोर मचाया और बदमाश को पकड़ लिया। भीड़ जुटती देख बदमाश ने उन पर हमला कर दिया, जिससे पकड़ ढीली पड़ गई और वह मौके से फरार हो गया। महानगर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस दोनों ही मामलों में जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
लखनऊ में रंगदारी और एटीएम लूट की कोशिश:दो अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज; पुलिस जांच में जुटी
📅 Published: December 19, 2025 |
📂 Category: India Up
