सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदापुर में एक ऑटो चालक के नगदी छिनने के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। घायल युवक के परिजनों ने उसके चचेरे ससुर और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों पर रूपए छिनने के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि किसी पारिवारिक विवाद को लेकर युवक अनिल को घर बुलाया गया था, जहां पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक को सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान युवक के पास मौजूद करीब 50 हजार रुपए की नगदी भी छीन ली गई। उनका कहना है कि घायल ऑटो चालक काम के सिलसिले में पैसे लेकर जा रहा था, लेकिन घटना के बाद रुपए गायब मिले। हालांकि पुलिस इस बिंदु को संदिग्ध मानते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही कमलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का प्रतीत हो रहा है, जबकि पैसे छिनने के आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीतापुर में ऑटो चालक की पिटाई, 50 रुपए छीने:गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर, परिजनों ने ससुराल पर लगाए आरोप
📅 Published: December 20, 2025 |
📂 Category: India Up
