जयंत चौधरी का 47वां जन्मदिन मनाया गया:रालोद कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया

📅 Published: December 27, 2025 | 📂 Category: India Up

रॉबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के पार्टी कार्यालय पर शनिवार की दोपहर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का 47वां जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर यह कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि जयंत चौधरी किसानों और नौजवानों की लोकप्रिय और सशक्त आवाज हैं। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी किसान हितों के लिए निरंतर संघर्षरत रहते हैं और युवाओं के भविष्य को लेकर भी गंभीर तथा दूरदर्शी दृष्टिकोण रखते हैं। त्रिपाठी ने आगे कहा कि अपनी शत-प्रतिशत सांसद निधि से युवाओं के लिए खेल की आधारभूत संरचना का विकास करना इस बात का प्रमाण है कि वे केवल वादों की नहीं, बल्कि जमीनी विकास की राजनीति करते हैं। उन्होंने जयंत चौधरी को भारतीय राजनीति में एक सुयोग्य, शिक्षित और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की वैचारिक एवं सैद्धांतिक विरासत के योग्य अगुवा के रूप में स्थापित बताया। प्रदेश सचिव रामसेवक सिंह पटेल ने अपने वक्तव्य में कहा कि जयंत चौधरी आज देश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने युवाओं को राजनीति में केवल सहभागी ही नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ने का अवसर दिया है। जिला महामंत्री रोहित सिंह ने कहा कि जयंत चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समस्त कार्यकर्ताओं ने जयंत चौधरी की दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुमित मिश्रा ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ नेता भोलानाथ पांडेय, जिला उपाध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ गंगेश्वर पटेल, जिला अध्यक्ष अनुसूचित प्रकोष्ठ ओम प्रकाश भारती, जिला सचिव विजय भारती, कार्यालय प्रभारी सुनील गुप्ता, नगमा ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप यादव, विजय भारती, सूरज पटेल, वरुण चौहान, मनदीप सिंह, सूर्यकांत चौबे, विकास पाण्डेय, आशीष मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। जिला मीडिया प्रभारी विकास पाण्डेय ने उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *