सहारनपुर में पेड़ चोर गिरोह का खुलासा:दो शातिर गिरफ्तार, चोरी की लकड़ी व हथियार बरामद

📅 Published: December 30, 2025 | 📂 Category: India Up

सहारनपुर पुलिस ने मंगलवार को एक पेड़ चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की लकड़ी, एक टेम्पो, नकदी, अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई एसएसपी आशीष तिवारी के निर्देश पर थाना गागलहेड़ी पुलिस ने की। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में हुई पेड़ चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने नौ क्विंटल चोरी की लकड़ी, एक टेम्पो, 10 हजार रुपये नकद, अवैध हथियार, कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस इस कार्रवाई को वन संपदा की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मान रही है। गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2025 को वन रक्षक गौरव कुमार ने गागलहेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 13/14 दिसंबर की रात उग्राहू वन क्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि से खैर प्रजाति के लगभग नौ पेड़ काटकर चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर गागलहेड़ी थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान ग्राम छपरेड़ी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से शमीम पुत्र शकील और तनवीर पुत्र जुल्फिकार को गिरफ्तार किया गया। ये दोनों हरिद्वार (उत्तराखंड) के भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खेडली के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से नौ क्विंटल पोपलर और यूकेलिप्टिस की लकड़ी, एक बिना नंबर का टेम्पो और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। शमीम के पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस, जबकि तनवीर के पास से एक अवैध चाकू मिला। बरामदगी के आधार पर मूल मुकदमे में धाराएं बढ़ाई गईं और आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग मामला भी दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान, अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे जंगलों से चोरी-छिपे पेड़ काटकर बेचते थे और हाल ही में उग्राहू जंगल से हुई चोरी में भी शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *