अभिजीत कातिल नहीं तो मॉडल दिव्या पाहूजा को किसने मारा:9 गवाह पलटे, गैंगस्टर के परिवार पर शक; होटल बोला- CCTV फुटेज हमारा नहीं

📅 Published: December 6, 2025 | 📂 Category: India National

2 जनवरी 2024, शाम करीब 6 बजे का वक्त था। गुरुग्राम के एक होटल में 27 साल की मॉडल दिव्या पाहूजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में घटना सिटी पॉइंट होटल के कमरा नंबर-111 में होने का दावा किया गया। हत्या का आरोप बिजनेसमैन अभिजीत पर लगा। अभिजीत ने पहले पुलिस को बयान दिया था कि दिव्या 30 लाख रुपए की डिमांड कर रही थी। उसने पैसों के साथ गुरुग्राम के होटल में एक लेस्बियन (समलैंगिक) पार्टनर की डिमांड की थी। इसी से नाराज होकर अभिजीत ने दिव्या को गोली मार दी थी। फिर दोस्त बलराज और होटल स्टाफ की मदद से लाश नहर में ठिकाने लगा दी। अब इस वारदात के करीब 2 साल पूरे होने वाले हैं। मॉडल की बहन नैना पाहूजा और मां सोनिया पाहूजा अब अभिजीत पर हत्या के आरोप से पलट गई हैं। दोनों ने गुरुग्राम कोर्ट में बयान दर्ज कराया है कि उन्हें दिव्या की हत्या का शक गैंगस्टर संदीप गाडोली के परिवार वालों पर है लेकिन पुलिस ने इस एंगल से जांच ही नहीं की। कोर्ट में अब तक 15 में से 9 गवाहों के बयान दर्ज हुए हैं। सभी अपने बयान से पलट गए हैं। 2 दिसंबर 2025 को चंडीगढ़ हाईकोर्ट ने भी आरोपी अभिजीत को सशर्त जमानत दे दी है। आखिर दिव्या पाहूजा केस में क्या नया मोड़ आया है। होटल के जिस सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने केस में अहम माना था। उसे लेकर होटल स्टाफ ने दावा कर दिया है कि फुटेज उनके होटल के नहीं हैं। दैनिक भास्कर की टीम ने भी गवाहों के कोर्ट में दिए बयान और चार्जशीट की पड़ताल की। सबसे पहले केस में आरोपी अभिजीत की बात…
2 दिसंबर को चंडीगढ़ हाईकोर्ट से शर्तों के साथ जमानत मिली
मॉडल दिव्या पाहूजा मर्डर केस को लेकर हमने चंडीगढ़ हाईकोर्ट में अभिजीत का पक्ष रख रहे सीनियर एडवोकेट विनोद घई से बात की। उन्होंने बताया, ‘2 दिसंबर को अभिजीत को रेगुलर जमानत का आदेश जारी हुआ। इस केस में शिकायत करने वाली दिव्या की बहन और मां दोनों ने अपना बयान वापस ले लिया।‘ ‘केस में गवाह रहे होटल स्टाफ ने भी लोअर कोर्ट में सीसीटीवी फुटेज को लेकर सवाल उठाए थे। स्टाफ ने बताया था कि पुलिस ने जो सीसीटीवी फुटेज पेश किया है, वो होटल से जब्त नहीं किया गया था। लिहाजा हाईकोर्ट ने शर्तों के साथ अभिजीत को जमानत दे दी है।‘ 15 में से 9 गवाह पलटे, मां-बहन को गैंगस्टर के परिवार पर शक
गुरुग्राम कोर्ट में आरोपी अभिजीत का केस देख रहे एडवोकेट प्रशांत यादव कहते हैं, ‘इस केस में वारदात के करीब 88 दिन बाद चार्जशीट फाइल हुई थी। कुल 15 गवाह थे। इनमें से 9 गवाह के बयान कोर्ट में दर्ज किए जा चुके हैं। कोर्ट में दिव्या की मां-बहन और होटल के 5 स्टाफ से सवाल-जवाब हुए हैं। मेघा केस में अप्रूवर थी। उसे भी एग्जामिन किया जा चुका है।‘ ‘सभी ने स्टेटमेंट आरोपी के पक्ष में दिया है। इन्होंने दावा किया है कि उस दिन दिव्या पाहूजा नाम की लड़की होटल में ही नहीं आई थी। मॉडल की बहन नैना और मां सोनिया ने सभी आरोप वापस ले लिए हैं। इन्होंने कहा है कि अभिजीत पर उन्हें शक नहीं है। बल्कि उन्होंने मुंबई में मारे गए गैंगस्टर संदीप गाडोली के परिवार पर शक जताया है।‘ ‘नैना ने बयान में कहा है कि दिव्या मुंबई में संदीप के एनकाउंटर केस में आरोपी थी। उस केस में उसे धमकी भी मिली थी।‘ अब मॉडल की बहन नैना का बयान…
आखिर दिव्या की बहन ने कोर्ट में क्या बयान दिया
मृतक दिव्या पाहूजा के मर्डर के बाद उनकी बहन नैना ने FIR दर्ज कराई थी। पुलिस ने चार्जशीट में नैना का बयान भी दर्ज किया है। जिसमें अभिजीत पर हत्या का आरोप लगाया गया था। हालांकि कोर्ट में गवाहों से हुए सवाल-जवाब के दौरान वो अपने इस बयान से पलट गईं। 13 अगस्त 2025 को ये दर्ज हुआ था। नैना ने बयान में कहा- ‘25 सितंबर 2024 को गुरुग्राम पुलिस के सामने दिया गया बयान मेरी इच्छा से नहीं लिया गया था। तब गुरुग्राम पुलिस ने जैसा कहा था, मैंने वैसा बयान दे दिया था। क्योंकि उस वक्त मैं बहन की मौत की वजह से परेशान थी। पुलिस ने मुझसे जहां साइन करने के लिए कहा, मैंने वहां साइन कर दिए थे। मैंने पुलिस से अभिजीत और बलराज के खिलाफ हत्या को लेकर शिकायत नहीं की है।‘ हमें संदीप गाडोली के परिवार पर शक, पुलिस ने पूछताछ नहीं की
नैना ने बयान में आगे कहा, ‘मैंने बहन के मर्डर के लिए गैंगस्टर संदीप गाडोली के परिवार पर शक जताया है न कि आरोपी अभिजीत या अदालत में मौजूद बाकी आरोपियों पर। पुलिस ने इस मामले में जानबूझकर गाडोली परिवार से पूछताछ नहीं की। गैंगस्टर की हत्या में उसके परिवार वालों ने मेरी बहन का नाम बेवजह फंसाया था। इन सबकी वजह से उसे जेल जाना पड़ा और वहां भी उसे परेशान किया गया।‘ ‘तभी संदीप की बहन सुदेश कटारिया और भाई ब्रह्म प्रकाश ने खुलेआम कहा था कि जैसे ही इस मामले में कोई भी आरोपी जमानत पर रिहा होगा, वो उसे मार डालेंगे। उन्होंने ही मेरी बहन को टारगेट किया है लेकिन पुलिस ने मामले को दूसरी दिशा में मोड़ दिया।‘ ‘मैंने आज कोर्ट में पुलिस की पेश किया सीसीटीवी फुटेज देखा लेकिन मेरी बहन फुटेज में कहीं नहीं दिख रही है।‘ अब होटल स्टाफ के बयान की बात…
होटल स्टाफ का दावा- हमारे होटल का सीसीटीवी फुटेज ही नहीं
आरोपी अभिजीत के जिस सिटी पॉइंट होटल में दिव्या पाहूजा के मर्डर की बात कही गई है। उसके 35 साल के रिसेप्शनिस्ट दिनेश के बयान से केस में नया मोड़ आ गया है। दिनेश ने 5 सितंबर 2025 को कोर्ट में बयान दर्ज कराया है, जिसमें कहा है, ‘मैं होटल सिटी पॉइंट में रिसेप्शनिस्ट का काम करता हूं। 3 जनवरी 2024 को पुलिस होटल में आई थी। मुझसे दिव्या पाहूजा के बारे में पूछा गया था।‘ ‘ये भी पूछा गया था कि क्या 2 जनवरी की रात अभिजीत के साथ कोई लड़की होटल में आई थी या नहीं। हमने पुलिस को बताया था कि इस नाम की कोई लड़की 2 जनवरी को होटल में नहीं आई थी। हमने सीसीटीवी फुटेज, सभी कमरे और विजिटर के रिकॉर्ड भी दिखाए थे। पुलिस को उस दिन यहां से कुछ नहीं मिला था और वो लौट गई थी।‘ ‘हमें कोर्ट में जो सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया, उसमें भी दिव्या नाम की कोई लड़की नहीं दिख रही है। वास्तव में जो फुटेज दिखाया जा रहा है, वो तो हमारे होटल का भी नहीं है। इस बारे में हमने पहले भी पुलिस को सूचना दी थी।‘ आरोपी अभिजीत का बयान…
30 लाख रुपए के लिए ब्लैकमेल कर रही थी इसलिए मारी गोली
दिव्या मर्डर केस को लेकर अभिजीत ने गुरुग्राम पुलिस के सामने दो बार बयान दिए थे। पहले बयान में 30 लाख रुपए को लेकर दिव्या के ब्लैकमेल करने की बात थी। इसी को लेकर गुस्से में हत्या करने की बात कही थी। वहीं दूसरी बार दर्ज कराए बयान में अभिजीत ने दिव्या को लेस्बियन बताया था। उसने अपने बयान में दिव्या पर आरोप लगाया- ‘2014 में मेरी मुलाकात दिव्या से हुई थी। वो गुरुग्राम में मेरे सिटी पॉइंट होटल के नजदीक बस स्टैंड से आती-जाती थी। उसके साथ मेरे अवैध संबंध थे। वो साल 2016 में संदीप गाडोली मर्डर केस में जेल भी चली गई थी। 2023 में उसे जमानत मिली थी। इसके बाद वो फिर मुझसे मिलने लगी।‘ ‘मैं उसे रुपए भी देता था। तब से दिव्या मुझसे 3 लाख 50 हजार रुपए ले चुकी थी। करीब 1 लाख 40 हजार रुपए का एक आईफोन भी दिया था। बाद में उसकी डिमांड बढ़ने लगी। जब देने से मना किया तो वो कहने लगी कि तुम्हारे परिवार और दोस्तों को बता दूंगी। कहने लगी कि इन सबसे बचना है तो 30 लाख रुपए दे दो।‘ ‘मैंने दिव्या को पैसे देने से मना कर दिया। 1 जनवरी 2024 को वो मेरे घर आई थी। वहां मेरा दोस्त बलराज और रवि बंगा भी थे। इनके बाद में मेघा भी आई थी। हालांकि वो जल्दी चली गई थी। फिर दिव्या ने मुझसे पैसे लेने के लिए दबाव बनाया। मैंने सोचा कि दिव्या मेरी बेइज्जती ना कर दे इसलिए हम उसी रात करीब सवा 3 बजे दिल्ली से गुरुग्राम के लिए निकल गए।‘ दिव्या की डिमांड- मैं लेस्बियन, मेरे लिए फीमेल पार्टनर बुलाओ
अभिजीत बयान में आगे बताते हैं, ‘हम करीब सवा 4 बजे गुरुग्राम के होटल पहुंचे। वहां मैं 114 नंबर रूम अपने लिए परमानेंट बुक रखता हूं लेकिन उस दिन चाबी नहीं मिली। इसलिए हमने रूम नंबर 111 खुलवाया। फिर बलराज चला गया लेकिन मैं और दिव्या वहीं रुक गए। अगले दिन (2 जनवरी) हम दोपहर के बाद सोकर उठे। तभी दिव्या ने बातचीत में कहा कि वो लेस्बियन है। उसे अभी एक पार्टनर चाहिए।‘ ‘फिर मैंने मेघा को फोन कर बुलाया। दिव्या फिर मुझ पर पैसों का दबाव बनाने लगी। मेरे पास देसी पिस्टल थी। शाम करीब 6 बजे ही मैंने दिव्या के सिर पर सामने से गोली मार दी। वो फर्श पर गिर गई। मैं कुछ देर तक बेड पर बैठा रहा।’ ‘करीब 7 बजकर 50 मिनट पर मेघा का फोन आया। मैं उसे लेकर रूम नंबर-111 में पहुंचा। मेघा अंदर गई तो खून देखकर बोली कि काका ये आपने क्या कर दिया। मैंने मेघा से बताया कि दिव्या बार-बार पैसे मांगती थी। इसलिए उसे गोली मार दी।‘ ‘मैंने मेघा को दिव्या का फोन और पिस्टल ठिकाने लगाने के लिए दे दिया। रात करीब साढ़े 10 बजे जब बलराज और रवि आए, तब मैंने होटल स्टाफ हेमराज और ओमप्रकाश को 5-5 लाख रुपए का लालच दिया और उनसे दिव्या की डेडबॉडी नहर में फेंकने के लिए कहा।‘ पेट्रोल, सैनिटरी पैड्स से क्राइम सीन पर मिटाए गए खून के धब्बे
चार्जशीट के मुताबिक, दिव्या पाहूजा के मर्डर केस में जब फोरेंसिक टीम ने होटल के रूम नंबर 111 की छानबीन की थी, तब वहां से पेट्रोल की गंध आ रही थी। मौके से हरे रंग की पेट्रोल की बोतल भी मिली थी। साथ ही कई सैनिटरी डिस्पोजबल पैड्स मिले थे। इनसे दीवार और फर्श पर लगे खून के धब्बे साफ करने की कोशिश की गई थी। हालांकि, जांच टीम को सीढ़ियों समेत कई जगहों से खून के सैंपल मिले थे। चार्जशीट में लिखा है कि जब नहर से दिव्या पाहूजा की लाश मिली, तब पोस्टमॉर्टम के दौरान पता चला कि मर्डर के दौरान उसे पीरियड्स थे। इसलिए आशंका जताई गई कि दिव्या ही अपने साथ सैनिटरी पैड का पैकेट लाई थी। जिसका इस्तेमाल कर खून के निशान साफ करने की कोशिश हुई थी। नए साल पर पहली बार दिव्या से मिली, 2 जनवरी को पार्टी में बुलाया
हमने केस में गवाह रही मेघा के कोर्ट में दिए बयान की भी पड़ताल की। मेघा ने ये बयान 30 जुलाई 2024 को दिया था। इसमें कहा गया- ‘मैं डिलीवरी गर्ल थी। एक पोर्टर एप्लिकेशन के लिए डिलीवरी का काम करती थी। मुझे एक परिचित ने अभिजीत से मिलवाया था।‘ ‘मैं 1 जनवरी 2024 को उनकी न्यू ईयर पार्टी में गई थी। वहीं मैं पहली बार दिव्या से मिली, वो नशे में थी। इससे पहले कई बार उसका नाम सुना था। उसने काफी शार्ट ड्रेस पहनी हुई थी। उसके पास एक छोटी पिस्टल भी थी, जिससे उसने फायर भी किया था। रात करीब 8 बजे मैं पार्टी से निकल गई थी।‘ ‘2 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे एक अनजान नंबर से कॉल आया। वो दिव्या का था। उसने मुझे गुरुग्राम के सिटी पॉइंट होटल में पार्टी के लिए बुलाया। उसके बाद मैंने अभिजीत को फोन कर पूछा था कि होटल आना है या नहीं। अभिजीत ने हामी भरी तो मैं शाम को करीब 7 से साढ़े 7 बजे के बीच वहां पहुंची थी।‘ ‘अभिजीत ने पहले मुझे होटल दिखाया, फिर रूम नंबर-111 में ले गए। वहां दिव्या नहीं थी। बेड पर कई शॉपिंग बैग्स पड़े थे। वहां हमने कुछ देर दिव्या का इंतजार किया। अभिजीत ने कई बार दिव्या को कॉल भी किया लेकिन वो कॉल काट रही थी। इसके बाद हम होटल के कमरे से बाहर आ गए।‘ ‘मैं रात 8 से 9 बजे के बीच होटल से निकल गई थी। होटल में इससे पहले क्या हुआ था या क्या नहीं हुआ था, इस बारे में मुझे कुछ नहीं पता।‘
…………………………….
ये खबर भी पढ़ें… प्रेमी की लाश से शादी, बोली-जयभीम वाला था, इसलिए मारा ‘मैं और सक्षम 3 साल से रिश्ते में थे। सक्षम दूसरी जाति का था, इसलिए मेरे पापा को हमारा रिश्ता पसंद नहीं था। वे मुझसे कहते थे, कोई भी दूसरा लड़का बताओ, उससे तुम्हारी शादी करवा दूंगा, लेकिन इससे नहीं होने दूंगा। पापा और मेरे भाइयों ने सक्षम को कई बार धमकी दी थी। आखिरकार उसे मार डाला।’ 19 साल की आंचल मामीडकर ये बात बताते हुए रोने लगती हैं। महाराष्ट्र के नांदेड़ में रहने वाली आंचल अनुसूचित जाति से आने वाले सक्षम से प्यार करती थी। पढ़िए पूरी खबर…

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *