इटावा में युवक ने की आत्महत्या, पत्नी गिरफ्तार:दूसरी शादी के अगले दिन पुलिस ने भेजा जेल

📅 Published: December 20, 2025 | 📂 Category: India Up

इटावा के सैफई थाना क्षेत्र में चार महीने पहले हुई युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि पति को लगातार अपमान और मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी, जिससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली थी। आरोपी महिला गिरफ्तारी से बच रही थी, लेकिन दूसरी शादी के अगले ही दिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार दिन में की गई। इटावा के सैफई थाना क्षेत्र के वैदपुरा चौकी अंतर्गत नगला बरी गांव निवासी श्रीदेवी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके 33 वर्षीय बेटे उमेश कुमार की शादी सिंकी से हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग उमेश को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। लगातार तनाव और पारिवारिक कलह से परेशान होकर चार अगस्त को उमेश कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने 14 सितंबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान मृतक के मोबाइल फोन से कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य अहम साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे। इसके आधार पर पुलिस आरोपी पत्नी सिंकी की तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रही थी। इसी बीच आरोपी महिला सिंकी ने चोरी छिपे बढ़पुरा क्षेत्र के एक युवक से दूसरी शादी कर ली। शुक्रवार दिन में मुखबिर से सूचना मिली कि महिला शादी के बाद खरीदारी के लिए बाहर निकली है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना सैफई पुलिस ने पड़रपुरा गांव में एक दुकान के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के बाद महिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी सैफई भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी, उप निरीक्षक अंकित पटेल, राज कुमार, सुमन पाल, महिला कॉन्स्टेबल साक्षी, लक्ष्मी और कॉन्स्टेबल अनुराग शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *