फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात एक ई-रिक्शा रेलवे लाइन के खंभे से टकरा गया। इस दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक अभय प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए दोस्तों पर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना मान रही है। शहर से सेट गांव बुढनामऊ निवासी अभय प्रताप सिंह शुक्रवार शाम अपने ई-रिक्शा से जा रहे थे। जिला जेल चौराहे के पास उनका ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गया। अभय के गले में गंभीर चोट आई। उनके दोस्त उन्हें लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी ले गए। लोहिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अभय को हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि अभय के चार दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे। घटना के बाद वे सभी दोस्त मौके से फरार हो गए। परिजनों ने इसे दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या बताया है। अभय के चचेरे भाई पारस ने बताया कि कुछ दिन पहले ही अभय का विवाद हुआ था। उन्होंने एक मुस्लिम दोस्त के भी इसमें शामिल होने का जिक्र किया। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह और याकूतगंज चौकी प्रभारी राहुल कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटना प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ई-रिक्शा खंभे से टकराया, युवक की मौत:फर्रुखाबाद में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, जांच जारी
📅 Published: December 20, 2025 |
📂 Category: India Up
